अपने ही MLA के खिलाफ भगवंत मान का बड़ा कदम, जालंधर से AAP विधायक की गिरफ्तारी

पंजाब की भगवंत मान सरकार ने शुक्रवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक रमन अरोड़ा के खिलाफ छापेमारी की। भ्रष्टाचार की शिकायतें मिलने के बाद विजिलेंस ब्यूरो ने जालंधर सेंट्रल से विधायक अरोड़ा के आवास पर सुबह-सुबह तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान उन्हें हिरासत में ले लिया गया। हालांकि, उन्हें किस पुलिस थाने ले जाया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है।


रमन अरोड़ा पर आरोप है कि उन्होंने नगर निगम अधिकारियों के साथ मिलकर जालंधर के निवासियों को झूठे नोटिस भेजे। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इन नोटिसों के जरिए लोगों को परेशान किया गया और बाद में उनसे पैसे लेकर ये नोटिस रद्द करवाए गए। इसी मामले में जांच के बाद विजिलेंस ने यह कार्रवाई की है। 


कुछ दिन पहले ही अरोड़ा की सुरक्षा भी पंजाब सरकार ने हटा दी थी। बताया गया कि विधायक को सुरक्षा के तौर पर पहले 14 गनमैन मुहैया कराए गए थे, जो औसतन किसी विधायक को मिलने वाले सुरक्षा घेर से तीन गुना अधिक थे। लेकिन 13 मई को अचानक पूरा सुरक्षा कवर वापस ले लिया गया।

सुरक्षा हटाए जाने के बाद रमन अरोड़ा ने कहा था, "मुझे ऊपर से आदेश मिलने की बात कही गई थी, जिसके बाद मैंने सभी सुरक्षाकर्मियों को लौटा दिया।" जब उनसे कारण पूछा गया तो उन्होंने कहा, "मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन मैं अपनी पार्टी और सरकार के साथ खड़ा हूं।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके खिलाफ यह साजिश कांग्रेस से जुड़े लोगों ने की है, जो उनकी छवि को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं।

For all the political updates download our Molitics App : Click here to Download
Article