
भारत-पाक समझौते पर वैश्विक सराहना: यूरोपीय यूनियन से ब्रिटेन तक किन देशों ने क्या कहा
भारत और पाकिस्तान के बीच हाल के सप्ताहों में तेज़ हुए सैन्य तनाव के बीच शनिवार को एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम देखने को मिला। दोनों देशों के सैन्य संचालन महानिदेशकों (डीजीएमओ) के स्तर पर बातचीत के बाद पूर्ण और तत्काल सीजफायर पर सहमति बनी। इस समझौते के अनुसार, दोनों पक्ष सभी प्रकार की सैन्य कार्रवाई तत्काल प्रभाव से रोकने पर सहमत हो गए हैं। इस निर्णायक समझौते की पहल अमेरिका की मध्यस्थता से हुई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सबसे पहले इसकी घोषणा की और इसे भारत-पाकिस्तान के बीच सामान्य समझदारी और उच्च स्तर की कूटनीतिक बुद्धिमत्ता का परिणाम बताया। उन्होंने इसे दक्षिण एशिया में स्थिरता के लिहाज़ से ऐतिहासिक कदम बताया।
जर्मनी के विदेश मंत्रालय ने कहा कि बीते कुछ दिनों में भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव एक खतरनाक स्तर तक पहुंच चुका था। सीजफायर की यह सहमति न केवल संघर्ष को विराम देगी, बल्कि क्षेत्रीय स्थिरता की दिशा में एक निर्णायक पहल भी साबित हो सकती है। जर्मन सरकार ने दोनों देशों के इस रुख का स्वागत किया। यूरोपियन यूनियन के विदेश मामलों और सुरक्षा नीति की उच्च प्रतिनिधि काजा कैलास ने इस घटनाक्रम को तनाव घटाने की दिशा में अत्यंत आवश्यक और सकारात्मक प्रयास बताया। उन्होंने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार से भी सीधी बातचीत की और दोनों देशों से दीर्घकालिक शांति सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
ब्रिटिश विदेश सचिव डेविड लैमी ने भारत-पाकिस्तान के बीच हुए समझौते को एक स्वागतयोग्य और भविष्य की स्थिरता के लिए आवश्यक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल उपमहाद्वीप बल्कि वैश्विक शांति के हित में है। सऊदी विदेश मंत्रालय ने भी इस समझौते का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि यह दोनों देशों के बीच विश्वास बहाली की प्रक्रिया को गति देगा। सऊदी अरब ने दोनों देशों से अपील की कि वे इस समझौते का सम्मान करें और कूटनीतिक वार्ताओं को आगे बढ़ाएं।
पाकिस्तान ने कुछ ही घंटों में किया उल्लंघन
हालांकि समझौते की घोषणा को चंद घंटे भी नहीं बीते थे कि पाकिस्तान ने संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए एलओसी (नियंत्रण रेखा) के कई इलाकों में गोलीबारी की। भारतीय सेना ने इस हमले का करारा जवाब दिया। सूत्रों के मुताबिक, कश्मीर से लेकर गुजरात तक पाकिस्तान की ओर से किए गए ड्रोन हमले के प्रयासों को भी विफल कर दिया गया है।
For all the political updates download our Molitics App :
Click here to Download