
अमेरिका-रूस व्यापार पर सवाल, डोनाल्ड ट्रंप बोले– ‘कोई जानकारी नहीं है’
भारत और अमेरिका के बीच चल रही व्यापारिक तनातनी ने अब एक नया और अप्रत्याशित मोड़ ले लिया है। यह मामला अब केवल शुल्क और तेल तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि बयानबाज़ी और वैश्विक मंच पर खुली बहस तक जा पहुंचा है। मंगलवार को व्हाइट हाउस में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भारत के उस दावे पर सवाल पूछा गया जिसमें कहा गया था कि अमेरिका रूस से यूरेनियम हेक्साफ्लोराइड, उर्वरक और रसायन जैसे उत्पाद लगातार आयात करता रहा है। इस सवाल के जवाब में ट्रंप ने चौंकाते हुए कहा, “मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता। हमें इसकी जांच करनी होगी।” राष्ट्रपति ट्रंप की इस टिप्पणी के बाद न्यूज एजेंसी ANI ने उनकी प्रेस टीम से औपचारिक प्रतिक्रिया की मांग की है जिसका अभी इंतज़ार है।
रूसी तेल को लेकर भारत पर डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी
डोनाल्ड ट्रंप इससे पहले भारत को चेतावनी दे चुके हैं कि रूस से कच्चा तेल खरीदने पर अमेरिका भारत पर "भारी शुल्क" लगाने जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया—
“भारत भारी मात्रा में रूसी तेल खरीद रहा है और उसे खुले बाजार में ऊंचे दाम पर बेचकर मुनाफा कमा रहा है। उन्हें परवाह नहीं कि रूस-यूक्रेन युद्ध में कितने लोग मारे जा रहे हैं।”
भारत ने ट्रंप की टिप्पणी को "अनुचित और अस्वीकार्य" बताया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत की ऊर्जा नीति पूरी तरह से राष्ट्रीय हित से प्रेरित है।
जब युद्ध के कारण पश्चिमी देश ऊर्जा आपूर्ति को यूरोप की ओर मोड़ रहे थे, उस समय अमेरिका ने ही भारत को रूस से तेल खरीद जारी रखने का समर्थन किया था।
खुद अमेरिका और यूरोपीय देश अभी भी रूस के साथ व्यापार कर रहे हैं। भारत ने आंकड़े भी पेश किए- अमेरिका यूरेनियम हेक्साफ्लोराइड, पैलेडियम, उर्वरक और औद्योगिक रसायन अब भी रूस से आयात करता है।
सिर्फ 2024 में यूरोपीय संघ ने रूस से 67.5 अरब यूरो का व्यापार किया, जिसमें 16.5 मिलियन टन तरलीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) भी शामिल है।
भारत ने स्पष्ट कर दिया कि वह वैश्विक दबावों के बावजूद अपने उपभोक्ताओं को सस्ती और सुरक्षित ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाएगा। विदेश मंत्रालय ने दोहराया कि भारत वैश्विक पाखंड को स्वीकार नहीं करेगा और अपने हितों की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।
For all the political updates download our Molitics App :
Click here to Download