मानसून सत्र की शुरुआत पर प्रधानमंत्री मोदी का संदेश: 22 मिनट में आतंकी ढेर, अंतरिक्ष में तिरंगा

संसद के मानसून सत्र की शुरुआत के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और इस सत्र को "विकास, नीति निर्माण और जनकल्याण के नए आयाम गढ़ने का अवसर" बताया। अपने संबोधन की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने मॉनसून को नवीनता और नवसर्जन का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा, “यह समय देश को नई ऊर्जा, नई प्रेरणा और नई नीतियों से आगे ले जाने का है। अब तक की जानकारी के मुताबिक मॉनसून पूरे देश में अच्छी प्रगति कर रहा है, जो कृषि क्षेत्र और किसानों के लिए शुभ संकेत है।” 


उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में देश में तीन गुना अधिक जल भंडारण दर्ज किया गया है। प्रधानमंत्री के अनुसार, “बारिश केवल प्रकृति का उपहार नहीं, बल्कि किसानों, गांवों और परिवारों की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यह जल भंडारण भविष्य में देश की आर्थिक मजबूती का आधार बनेगा।”

मानसून सत्र से  प्रधानमंत्री मोदी की अपील

प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर भारतीय तिरंगे के फहराए जाने को “ऐतिहासिक क्षण” बताया। उन्होंने कहा, “पहली बार अंतरिक्ष स्टेशन पर तिरंगे का लहराना भारत की वैज्ञानिक प्रगति और तकनीकी आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है।” साथ ही उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने बताया कि “भारतीय सेना ने 22 मिनट में आतंकियों को जमींदोज कर यह सिद्ध कर दिया कि भारत की सैन्य शक्ति तेज, निर्णायक और आत्मनिर्भर है। ‘मेड इन इंडिया’ सैन्य उपकरणों ने अब वैश्विक ध्यान आकर्षित किया है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के कई जिले अब नक्सली प्रभाव से मुक्त हो चुके हैं। “आज बम और बंदूक के सामने संविधान की जीत हो रही है। रेड कॉरिडोर अब ग्रीन ग्रोथ ज़ोन में बदल रहा है। यह सुरक्षाबलों की प्रतिबद्धता और आत्मविश्वास का प्रमाण है।” प्रधानमंत्री ने आर्थिक मोर्चे पर भारत की प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि “2014 से पहले भारत दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, लेकिन आज यह तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है।” उन्होंने बताया कि बीते वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं, और देश में महंगाई दर में भी गिरावट आई है, जो एक सकारात्मक संकेत है।

For all the political updates download our Molitics App : Click here to Download
Article