AAP ने INDIA गठबंधन को कहा अलविदा, संजय सिंह बोले- अब हिस्सा नहीं

आम आदमी पार्टी (AAP) ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से घोषणा की कि वह अब विपक्षी 'भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन' (INDIA ब्लॉक) का हिस्सा नहीं है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि AAP अब आगामी मानसून सत्र से पहले होने वाली INDIA ब्लॉक की बैठक में भी भाग नहीं लेगी। संजय सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा, "AAP अब INDIA गठबंधन का हिस्सा नहीं है। हमारी पार्टी और अरविंद केजरीवाल जी पहले ही यह निर्णय स्पष्ट कर चुके हैं।" 


मीडिया रिपोर्ट ने अनुसार,  उन्होंने बताया कि INDIA गठबंधन मुख्य रूप से 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए बना था, और चुनावों के बाद AAP ने सभी विधानसभा चुनाव अपने बलबूते पर लड़े हैं। संजय सिंह ने कहा, "लोकसभा चुनाव के बाद हमने हरियाणा और दिल्ली विधानसभा चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़े। अब हमने बिहार विधानसभा चुनाव भी अकेले लड़ने का फैसला किया है।" 2024 के लोकसभा चुनाव में AAP और कांग्रेस ने दिल्ली में गठबंधन किया था, लेकिन उसके बाद पंजाब, गुजरात उपचुनाव और अन्य राज्यों में AAP ने कांग्रेस से अलग होकर चुनाव लड़ा।

संसद में INDIA गठबंधन से साथ

हालांकि संजय सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि संसद के भीतर AAP अन्य विपक्षी दलों जैसे तृणमूल कांग्रेस (TMC) और डीएमके (DMK) के साथ रणनीतिक सहयोग जारी रखेगी। उन्होंने कहा, "संसदीय मुद्दों पर हम TMC और DMK जैसी पार्टियों के साथ मिलकर काम करते हैं, और आगे भी करते रहेंगे। विपक्ष के रूप में हमने हमेशा प्रभावी भूमिका निभाई है और संसद में जनता के मुद्दों को उठाते रहेंगे।"

21 जुलाई से शुरू हो रहा मानसून सत्र

संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से शुरू होने जा रहा है और करीब एक महीने तक चलेगा। सत्र से पहले शनिवार को INDIA गठबंधन की एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन बैठक होनी है, जिसमें देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की जाएगी। बैठक में जिन प्रमुख विषयों पर विचार होगा, उनमें बिहार में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision), पहलगाम आतंकी हमला, और भारत-पाकिस्तान सीमा पर हुआ 'ऑपरेशन सिंदूर' शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, आम आदमी पार्टी के साथ-साथ तृणमूल कांग्रेस भी इस बैठक से दूरी बना सकती है, जिससे विपक्षी एकता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

For all the political updates download our Molitics App : Click here to Download
Article