Article

अजित पवार विमान केस: CM फडणवीस बोले, साजिश मिली तो सजा होगी

 26 Mar 2026

महाराष्ट्र विधानसभा में बुधवार को उपमुख्यमंत्री अजित पवार विमान दुर्घटना से जुड़े विमान हादसे पर जोरदार चर्चा हुई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट कहा कि अगर इस दुर्घटना में किसी प्रकार की साजिश का सबूत मिलता है, तो दोषियों को किसी भी हालत में नहीं बख्शा जाएगा। फडणवीस ने सदन को जानकारी दी कि एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की अंतरिम रिपोर्ट इस मामले में प्राप्त हो चुकी है।


अजित पवार विमान दुर्घटना

सीएम ने आरोप लगाया कि केवल महाराष्ट्र की बदनामी फैलाने के मकसद से कर्नाटक सरकार ने अजित पवार विमान दुर्घटना मामले में एफआईआर दर्ज की और उसे राज्य को भेजा। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के बाद उपमुख्यमंत्री सुमित्रा पवार के साथ केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात कर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग की जाएगी।

अंतरिम रिपोर्ट में तकनीकी कारण उजागर

फडणवीस ने बताया कि अंतरिम रिपोर्ट के अनुसार विमान दुर्घटना के पीछे कुछ तकनीकी कारण सामने आए हैं। हालांकि अजीत पवार के विमान दुर्घटना की साजिश के कोण को भी पूरी तरह खारिज नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि बारामती हवाईअड्डे पर आधुनिक उपकरणों की कमी और आवश्यक दृश्यता न होने को हादसे की प्रमुख वजह माना गया। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि पायलट की श्वास जांच रिपोर्ट पूरी तरह साफ आई है और विमान में किसी प्रकार का जहर, विस्फोटक या अतिरिक्त ईंधन नहीं पाया गया।

पोस्टमॉर्टम और डीएनए जांच पूरी 

मुख्यमंत्री ने सदन को सूचित किया कि दुर्घटना में मृत पांचों लोगों के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिल चुके हैं। रिपोर्ट में मृत्यु के कारण गंभीर चोटें और जलना बताया गया है। साथ ही, मृतकों के डीएनए नमूनों का मिलान उनके परिवारों से किया गया और पुष्टि हो गई।

कानून व्यवस्था और तकनीकी सुधारों पर जोर 

फडणवीस ने राज्य में लागू भारतीय न्याय संहिता (BNS) और ई-साक्ष प्रणाली के प्रभाव पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र देश में दूसरी स्थिति में है, जहां समय पर आरोपपत्र दाखिल करने की दर में सुधार हुआ और दोषसिद्धि का प्रतिशत 78% तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों को एकीकृत निगरानी में लाने के लिए महानेत्र नीति लागू की जा रही है, जो सरकारी और निजी दोनों कैमरों को जोड़कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करेगी।

विधायकों के प्रयासों की सराहना 

फडणवीस ने कहा कि विधायक रोहित पवार की कोशिशें सराहनीय हैं, लेकिन यह समझना जरूरी है कि इस हादसे की सच्चाई सामने लाने की भावना सभी में होनी चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी दुर्घटना के बाद सबसे पहले आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की जाती है और यदि जांच में गलती, लापरवाही या साजिश पाए जाने पर ही एफआईआर दर्ज की जाती है।

Read This Also:-  जयवीर शेरगिल का राहुल गांधी पर बयान, ड्रेस कोड से सियासत तेज