Article

एलपीजी संकट पर मल्लिकार्जुन खरगे ने उठाए सवाल, आपूर्ति बाधित

 16 Mar 2026

जेपी नड्डा द्वारा एलपीजी संकट पर दी गई प्रतिक्रिया: बजट सत्र के दूसरे चरण में एलपीजी संकट को लेकर जमकर हंगामा देखने को मिला। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सरकार पर आरोप लगाया कि देश में एलपीजी की कमी के चलते आम जनता और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में हाहाकार मचा हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार समय रहते तैयारी करती, तो आज हालात इतने बिगड़ते नहीं।


खरगे ने सदन का ध्यान पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि इस क्षेत्र से आने वाली एलपीजी आपूर्ति प्रभावित हो रही है। उनका कहना था कि इस संकट का सबसे ज्यादा असर गरीब, मध्यमवर्गीय परिवारों, रेस्टोरेंट और होटल उद्योग पर पड़ रहा है।

एलपीजी संकट पर मल्लिकार्जुन खरगे

एलपीजी संकट पर मल्लिकार्जुन खरगे ने बताया कि भारत अपनी कुल एलपीजी जरूरतों का लगभग 60% आयात करता है, जिसमें 90% आपूर्ति होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते आती है। ऐसे में क्षेत्रीय तनाव से सप्लाई बाधित होने का खतरा गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि जब पहले से स्थिति का अंदाजा था, तो समय पर जरूरी इंतजाम क्यों नहीं किए गए।


जमीनी हकीकत और सरकारी दावे 

एलपीजी संकट पर मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कई प्रतिष्ठानों ने अपनी गतिविधियां सीमित कर दी हैं या बंद कर दी हैं। कुछ उपभोक्ता अब ₹5,000 प्रति सिलेंडर से भी अधिक कीमत में एलपीजी खरीदने को मजबूर हैं। वहीं, पेट्रोलियम मंत्री ने लोकसभा में दावा किया कि एलपीजी की कोई कमी नहीं है और अफवाहों से बचने की बात कही। खरगे ने कहा कि जमीनी हकीकत इन दावों को गलत साबित करती है।

समय पर एडवाइजरी और तैयारी की कमी

खरगे ने यह भी कहा कि भारत ने ईरान और आसपास के क्षेत्रों से नागरिकों को एडवाइजरी जारी की थी, लेकिन इसका असर समुद्री मार्ग और ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ सकता है, इस पर पर्याप्त तैयारी नहीं की गई। उन्होंने कहा कि जब नरेन्द्र मोदी इजरायल के प्रधानमंत्री से मिल रहे थे, तब उन्हें क्षेत्रीय तनाव और संभावित आपूर्ति संकट की जानकारी जरूर मिली होगी। अगर उस समय एलपीजी और अन्य ऊर्जा विकल्पों पर काम शुरू होता, तो संकट का असर कम होता।

जेपी नड्डा का पलटवार विपक्ष कर रहा राजनीति 

बीजेपी सांसद जेपी नड्डा ने खरगे के आरोपों पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि शून्यकाल चल रहा है और नियम सभी के लिए समान हैं। नड्डा ने आरोप लगाया कि विपक्ष देश की विपत्ति के समय भी राजनीति कर रहा है और जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। उनका कहना था कि यह संकट भारत की गलती से नहीं आया और ऐसे समय में विपक्ष को देश के साथ खड़ा होना चाहिए, न कि अराजकता फैलाना।