Article

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने से JDU में हंगामा; सुरेंद्र मेहता पर हमला

 05 Mar 2026

"मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की संभावनाओं ने उनकी पार्टी JDU के भीतर हलचल पैदा कर दी है। गुरुवार सुबह से ही पटना में मुख्यमंत्री आवास के बाहर JDU कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए नीतीश कुमार के समर्थन में प्रदर्शन किया और कहा कि वे उन्हें नामांकन दाखिल करने के लिए जाने नहीं देंगे। इस दौरान मंत्री सुरेंद्र मेहता की मौजूदगी भी चर्चा में रही।"


मुख्यमंत्री आवास के बाहर कार्यकर्ताओं का हंगामा


राजधानी पटना में सुबह से ही राजनीतिक माहौल गर्म रहा। सैकड़ों जेडीयू कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास के बाहर इकट्ठा हो गए और नीतीश कुमार के समर्थन में नारे लगाने लगे। उनका कहना है कि यदि मुख्यमंत्री बदले जाने का फैसला लिया जाता है तो पहले चुनाव कराया जाना चाहिए।

प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि दिल्ली में बैठे कुछ लोग नीतीश 
 के खिलाफ साजिश रच रहे हैं। वे चाहते हैं कि नीतीश ही बिहार के मुख्यमंत्री बने रहें और राज्य की कमान किसी दूसरे के हाथों में न जाए।

मंत्री सुरेंद्र मेहता पर हमला


प्रदर्शन के दौरान हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए जब मुख्यमंत्री आवास में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे मंत्री सुरेंद्र मेहता पर कुछ कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। बिहार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पटना के आईजी और एसएसपी भी मुख्यमंत्री आवास के बाहर तैनात रहे, जबकि राज्य के डीजीपी भी आवास के भीतर मौजूद बताए गए।

नीतीश के लिए खून-पसीना बहाया 


JDU नेता राजीव रंजन पटेल ने कार्यकर्ताओं का नेतृत्व करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाने के लिए दिन-रात मेहनत की है। उन्होंने कहा कि अगर वे राज्यसभा चले जाते हैं तो कार्यकर्ताओं और जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचेगी। इस बीच मंत्री सुरेंद्र मेहता पर हुए हमले की घटना ने भी कार्यकर्ताओं के आक्रोश को और बढ़ा दिया है।"

पटेल ने कहा कि अगर किसी को नेतृत्व बदलना है तो पहले चुनाव कराया जाए। उनका कहना था कि कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर नीतीश कुमार के नाम पर वोट मांगे थे, इसलिए बीच कार्यकाल में मुख्यमंत्री बदलना उचित नहीं होगा।

निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री


इसी बीच खबर है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार आज औपचारिक रूप से जेडीयू की सदस्यता लेकर राजनीति में कदम रख सकते हैं। कुछ कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर राज्यसभा भेजना ही है तो निशांत कुमार को भेजा जाए, लेकिन नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद पर बने रहना चाहिए।

पार्टी नेतृत्व पर अलग-अलग राय


जेडीयू के एक अन्य नेता संजय सिंह ने कहा कि पार्टी में नीतीश सबसे बड़े नेता हैं और यदि उन्होंने राज्यसभा जाने का फैसला लिया है तो उसे चुनौती देना संभव नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि बिहार की जनता चाहती है कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद पर बने रहें। 

इस पूरे घटनाक्रम के बीच बिहार की राजनीति में अनिश्चितता और चर्चा का दौर तेज हो गया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि मुख्यमंत्री नीतीश आगे क्या फैसला लेते हैं और जेडीयू नेतृत्व इस स्थिति को कैसे संभालता है।

Read This Also:- सिसोदिया के घर मनी ‘कट्टर ईमानदार होली’, अरविंद केजरीवाल का निशाना