Article
होली से पहले योगी सरकार का तोहफा: समय से वेतन और तीन दिन की छुट्टी का ऐलान
27 Feb 2026
होली के पावन पर्व से पहले योगी आदित्यनाथ की सरकार ने राज्य के अधिकारियों और कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सभी कर्मचारियों का वेतन होली से पहले हर हाल में जारी किया जाए, ताकि त्योहार खुशी और सुकून के साथ मनाया जा सके।
वेतन भुगतान मे लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
सरकार ने यह भी साफ किया है कि आउटसोर्सिंग कर्मियों, संविदा कर्मचारियों और सफाईकर्मियों समेत सभी वर्गों का वेतन समय पर दिया जाए। किसी भी स्तर पर देरी या लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए 28 फरवरी 2026 शनिवार को कार्यदिवस घोषित किया गया है। इसके बदले 3 मार्च को अवकाश दिया जाएगा।
तीन दिन लगातार होली की छुट्टी
राज्य सरकार ने कर्मचारियों को 2, 3 और 4 मार्च को अवकाश देने की घोषणा की है। इस संबंध में सभी विभागों और अधिकारियों को औपचारिक सूचना भेज दी गई है।
गौरतलब है कि इस वर्ष होली 4 मार्च बुधवार को मनाई जाएगी, जबकि 3 मार्च मंगलवार की शाम को होलिका दहन होगा। सरकार ने त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए हैं।