Article
बिहार में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने RJD पर साधा निशाना कहा “हर घर में नौकरी का वादा झूठा”
30 Oct 2025
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने RJD पर साधा निशाना
बिहार विधानसभा चुनावों की सरगर्मी के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दरभंगा जिले के हायाघाट विधानसभा क्षेत्र में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनके बेटे तेजस्वी यादव के चुनावी वादों को झूठा और छलावा करार दिया।RJD के वादों पर सीधा प्रहार
राजनाथ सिंह ने तेजस्वी यादव के हर घर को नौकरी देने के वादे को अव्यवहारिक बताते हुए कहा, “दो करोड़ 80 लाख लोगों को नौकरी देना संभव नहीं है। जनता से झूठ बोलकर सत्ता नहीं पाई जा सकती।” उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा वादों की नहीं, काम की राजनीति करती है, जबकि विपक्ष केवल झूठे सपने दिखा रहा है।
आतंकवाद और पाकिस्तान पर सख्त रुख
अपने भाषण में रक्षा मंत्री ने पुलवामा हमले का जिक्र करते हुए कहा, “हमारी सेना ने दुश्मनों को करारा जवाब दिया। हमने आतंकियों को गिनती से मारा, लेकिन एक भी पाकिस्तानी नागरिक की जान नहीं गई। यही हमारी इंसानियत और इंसाफ की नीति है।” उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की राजनीति जात-पात नहीं, बल्कि इंसानियत और न्याय पर आधारित है।
डबल इंजन सरकार की उपलब्धियाँ
राजनाथ सिंह ने RJD पर निशाना साधते हुए कहा बिहार में विकास का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की डबल इंजन सरकार को दिया। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने राज्य को सड़क, बिजली, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। “बिहार अब विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है"।
नेहरू को श्रद्धांजलि और साझा दृष्टिकोण
रक्षा मंत्री ने कहा कि अगर बिहार में NDA की जीत होती है, तो यह पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को एक प्रकार की श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने नेहरू के लोकतांत्रिक योगदान को याद करते हुए कहा, “भारत की लोकतांत्रिक नींव को मजबूत करने में उनका अहम योगदान रहा है।” राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि वे और प्रधानमंत्री मोदी भारत के विकास और भविष्य को लेकर एक समान दृष्टिकोण साझा करते हैं।
विपक्ष पर आरोप: सत्ता की राजनीति।
राजनाथ सिंह ने RJD पर निशाना साधते हुए आरोप लगाए कि कुछ दल केवल सत्ता के लिए राजनीति करते हैं, जबकि NDA का उद्देश्य राष्ट्र निर्माण है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे विकास और स्थायित्व के लिए NDA को समर्थन दें।