Article

तेलंगाना BJP में बगावत! विधायक टी राजा सिंह ने पार्टी से दिया इस्तीफा

 30 Jun 2025

तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ा झटका लगा है,  गोशामहल से विधायक टी. राजा सिंह ने पार्टी से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। अपने तीखे और विवादास्पद बयानों के लिए मशहूर राजा सिंह ने राज्य में नेतृत्व चयन को लेकर नाराज़गी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया पर अपने त्यागपत्र की प्रति साझा की। कैप्शन में उन्होंने लिखा, "बहुतों की चुप्पी को सहमति नहीं समझना चाहिए। मैं सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि उन अनगिनत कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के लिए बोल रहा हूं जो आज निराश हैं। जय श्री राम।" 


हाल ही में राजा सिंह ने एक वीडियो संदेश में खुद को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की मांग की थी। उन्होंने दावा किया था कि बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उन्हें इस पद पर देखना चाहते हैं। अपने संदेश में उन्होंने यह भी कहा था कि यदि उन्हें मौका मिला तो वे पार्टी के भीतर एक समर्पित गोरक्षा विंग की स्थापना करेंगे और भाजपा को हिंदुत्व की पहचान के रूप में सशक्त बनाने का कार्य करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने वरिष्ठ नेता और हाईकोर्ट के अधिवक्ता एन. रामचंदर राव को तेलंगाना भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने का निर्णय ले लिया है। राव मंगलवार को नामांकन दाखिल करेंगे और उनके निर्विरोध चुने जाने की संभावना जताई जा रही है। रामचंदर राव पहले भी भारतीय जनता युवा मोर्चा, एबीवीपी और भाजपा के कानूनी प्रकोष्ठ में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। माना जा रहा है कि पार्टी ने उन्हें उनकी साख, निष्ठा और विवादों से दूर रहने वाले स्वभाव के चलते यह ज़िम्मेदारी देने का निर्णय लिया है।

राजा सिंह ने अपने इस्तीफे में प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यह फैसला लाखों भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ विश्वासघात है। उन्होंने कहा, "तेलंगाना भाजपा अपनी पहली सरकार बनाने के लिए तैयार थी, लेकिन गलत नेतृत्व के चलते यह अवसर गंवा दिया गया। पार्टी के हितों की बजाय कुछ लोगों के निजी स्वार्थ हावी हो गए हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि नेतृत्व पर्दे के पीछे से शो चलाने वाले व्यक्तियों के इशारों पर तय किया गया है। अपने पत्र में उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही उन्होंने पार्टी छोड़ी है, लेकिन हिंदुत्व और धर्मनिष्ठा के प्रति उनकी निष्ठा अडिग है। उन्होंने, कहा, "मैं अपनी आवाज़ बुलंद करता रहूंगा और हिंदू समुदाय के साथ और भी मज़बूती से खड़ा रहूंगा।"