
Article
Rajasthan: उदयपुर में 30 वर्षीय फ्रांसीसी महिला से दुष्कर्म, इवेंट कंपनी के युवक पर आरोप
24 Jun 2025

लेकसिटी उदयपुर एक बार फिर शर्मसार हो गया है। झीलों की नगरी में घूमने आई 30 वर्षीय फ्रांसीसी पर्यटक के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि इवेंट कंपनी से जुड़े एक युवक ने महिला को बहला-फुसलाकर अपने अपार्टमेंट में ले जाकर उसके साथ रेप किया। घटना वीकेंड पर एक पार्टी के दौरान घटी, जहां विदेशी पर्यटक टाइगर हिल स्थित एक कैफे में आयोजित म्यूजिक इवेंट में शामिल हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता 22 जून को दिल्ली से बस द्वारा उदयपुर पहुंची थी। यहां वह ‘द ग्रीक फार्म कैफे एंड रेस्तरां’ में आयोजित एक पार्टी में शामिल हुई, जहां उसके साथ दो अन्य विदेशी महिलाएं भी थीं। उसी दौरान इवेंट कंपनी से जुड़े युवक पुष्पराज उर्फ सिद्धार्थ ने उससे संपर्क किया और स्मोकिंग के बहाने बाहर चलने को कहा। आरोप है कि उसने उदयपुर की खूबसूरती दिखाने का झांसा देकर उसे अपने साथ ले गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पुष्पराज पीड़िता को न्यू भूपालपुरा स्थित अपने किराए के अपार्टमेंट में ले गया। युवती का आरोप है कि वहां उसने जबरन गले लगने की कोशिश की और विरोध करने पर दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता खुद एक निजी अस्पताल में पहुंची, जहां उसका इलाज किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़गांव थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हो गए। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता से बयान लिया।
इसके अलावा कैफे पहुंचकर पीड़िता के साथ मौजूद विदेशी पर्यटकों और कैफे कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आरोपी के अपार्टमेंट का भी निरीक्षण किया है। उदयपुर एसपी योगेश गोयल ने बताया कि पुलिस विभिन्न एंगल से मामले की जांच कर रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपी युवक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।