अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की है कि इजरायल और ईरान के बीच आधिकारिक तौर पर युद्धविराम लागू हो चुका है। उन्होंने दोनों पक्षों से इस समझौते का सम्मान करने और किसी भी प्रकार के उल्लंघन से बचने की अपील की।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में लिखा,
"युद्धविराम अब प्रभावी हो गया है। कृपया इसका उल्लंघन न करें!"
उन्होंने आगे खुद को यह घोषणा अमेरिका और कतर की मध्यस्थता में हुई उच्चस्तरीय बातचीत के बाद सामने आई, जिनका उद्देश्य ईरान और इजरायल के बीच बीते कुछ सप्ताहों से जारी भीषण सैन्य टकराव को विराम देना था।
डोनाल्ड ट्रंप ने देर रात एक विस्तृत पोस्ट में युद्धविराम की शर्तें साझा करते हुए बताया था कि यह दो चरणों में लागू होगा। पहला चरण: ईरान मंगलवार को 0400 GMT से एकतरफा सैन्य कार्रवाई रोक देगा।
दूसरा चरण: इसके 12 घंटे बाद इजरायल भी सैन्य गतिविधियां बंद करेगा। उन्होंने लिखा,
“इजरायल और ईरान के बीच पूर्ण और समग्र युद्धविराम पर सहमति बन गई है।”
इसके साथ ही ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि शत्रुता का आधिकारिक अंत दोनों पक्षों द्वारा अपने अंतिम मिशनों के पूर्ण होने के बाद घोषित किया जाएगा।
हालांकि, ट्रंप के इस दावे के कुछ ही घंटों बाद ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इसे खारिज कर दिया था। उन्होंने अपने आधिकारिक 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर लिखा था, "अब तक, युद्धविराम या सैन्य अभियानों की समाप्ति पर कोई औपचारिक समझौता नहीं हुआ है।"
हालांकि, उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि अगर इजरायल अपनी आक्रामक कार्रवाई रोकता है, तो ईरान भी सैन्य प्रतिक्रिया को विराम दे सकता है। उन्होंने लिखा, "यदि ज़ायोनी शासन अपनी अवैध सैन्य कार्रवाइयों को रोक देता है, तो हमारी प्रतिक्रिया जारी रखने का कोई इरादा नहीं है।"