Article

Bihar Polls: तेजस्वी का आरोप – नीतीश को बिहार की नहीं, सिर्फ एनडीए की बैठक की फिक्र

 19 Jun 2025

बिहार में इस साल के अंत में संभावित विधानसभा चुनावों की सरगर्मियों के बीच सियासी बयानबाजी तेज़ हो गई है। पटना में राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को अब बिहार से कोई मतलब नहीं रह गया है, उनकी पूरी चिंता केवल अपनी कुर्सी को बचाने तक सीमित है। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा, "हमारे चाचा जी अचेत अवस्था में हैं। उन्हें पता ही नहीं कि राज्य में क्या हो रहा है। नीति आयोग की बैठक को नज़रअंदाज़ कर एनडीए की बैठक में भाग लेना इस बात का प्रमाण है कि उन्हें केवल सत्ता की परवाह है।" उन्होंने आगे कहा, “बिहार का बच्चा-बच्चा अब कहने लगा है– 5 से 25, बहुत हुआ नीतीश!”


इसी कार्यक्रम के दौरान आरजेडी ने वरिष्ठ नेता मंगनी लाल मंडल को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया। वे 80 वर्षीय जगदानंद सिंह की जगह लेंगे, जो स्वास्थ्य कारणों से पद से हटे हैं। गुरुवार को पटना में आयोजित राज्य परिषद की बैठक में मंडल को निर्विरोध चुना गया। 

बैठक में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, मीसा भारती और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। तेजस्वी यादव ने इस मौके पर कहा, "मंगनी लाल मंडल को निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना हमारे लिए गर्व की बात है। वे कर्पूरी ठाकुर के साथ मंत्री रहे हैं, सांसद रह चुके हैं, और उनका राजनीतिक अनुभव हमें आगामी चुनाव में मजबूती देगा।"

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, मंगनी लाल मंडल का अध्यक्ष बनना एक रणनीतिक कदम है। वे अत्यंत पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) से आते हैं, जो बिहार की जनसंख्या का लगभग 36% है। ऐसे में आरजेडी इस सामाजिक समूह को साधने की पूरी कोशिश कर रही है। तेजस्वी ने इसे "ऐतिहासिक क्षण" बताया और संकेत दिया कि पूर्व अध्यक्ष जगदानंद सिंह को राष्ट्रीय स्तर पर नई भूमिका दी जा सकती है।