Article

‘महिलाओं के खिलाफ हिंसा चरम पर’, ओडिशा की BJP सरकार पर प्रियंका गांधी का तीखा वार

 18 Jun 2025

कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने ओडिशा में 20 वर्षीय छात्रा के साथ कथित सामूहिक बलात्कार की घटना को लेकर बुधवार को भाजपा शासित राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में निरंतर वृद्धि हो रही है और सरकार इस दिशा में गंभीर कदम उठाने में विफल रही है।


पुलिस के मुताबिक, यह दिल दहला देने वाली घटना ओडिशा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गोपालपुर बीच पर रविवार रात उस समय हुई जब पीड़िता अपने प्रेमी और कुछ दोस्तों के साथ वहां पहुंची थी। बताया गया कि एक सुनसान इलाके में 10 लोगों ने कथित तौर पर उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। पीड़िता, जो एक निजी कॉलेज की स्नातक छात्रा है, ने सोमवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद गोपालपुर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


 

प्रियंका गांधी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर हिंदी में पोस्ट करते हुए लिखा, "ओडिशा के गोपालपुर में 10 लोगों द्वारा एक छात्रा के साथ की गई बर्बरता की निंदा करने के लिए कड़े शब्द भी पर्याप्त नहीं हैं।" उन्होंने आगे कहा कि ओडिशा में महिलाओं के खिलाफ हिंसा हर दिन खतरनाक रूप से बढ़ रही है। यह चिंताजनक है कि एक ऐसे राज्य में, जहां खुद मुख्यमंत्री स्वीकार करते हैं कि पिछले पांच वर्षों में लगभग 44,000 महिलाएं और बच्चे गायब हुए हैं, वहां महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता नहीं देना अपने आप में महिलाओं के खिलाफ एक अन्याय है।


पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह अपने छात्र साथी (प्रेमी) और तीन अन्य लड़कियों के साथ राजा पर्व के अवसर पर समुद्र तट घूमने गई थी। वहां एक सुनसान जगह पर बैठने के दौरान 10 युवकों का एक समूह उनके पास आया। उन्होंने पीड़िता के प्रेमी को पकड़ लिया और फिर बारी-बारी से उसके साथ कथित रूप से बलात्कार किया।