Article

मधुबनी के सांसद डॉ.अशोक यादव का बेटा लापता, बिहार में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

 16 Jun 2025

बिहार के मधुबनी से सांसद डॉ. अशोक यादव के बेटे विभूति यादव के लापता होने की खबर ने राज्य में सनसनी फैला दी है। यह मामला दरभंगा जिले के लहेरियासराय थाने के बंगाली टोला इलाके का है, जहां से रविवार सुबह विभूति यादव (24) लापता हो गए। विभूति दिल्ली में पढ़ाई कर रहे थे और हाल ही में दो दिनों से अपने बंगाली टोला स्थित घर पर रह रहे थे। इस घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है, और सांसद अशोक यादव ने लहेरियासराय थाने में अपने बेटे की गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया है। सदर एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि विभूति के गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई है और उनकी तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस विभूति के संभावित ठिकानों और संपर्कों की जांच कर रही है।


यह घटना बिहार में राजनेताओं और उनके परिवार के सदस्यों के साथ ऐसी घटनाओं की लंबी श्रृंखला का हिस्सा है। इससे पहले 2023 में पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज से बीजेपी विधायक रश्मि वर्मा के अपहरण की घटना ने सुर्खियां बटोरी थीं। अपहरणकर्ताओं ने 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। हालांकि, विधायक के परिजनों ने किडनैपरों के चंगुल से उन्हें छुड़वा लिया और इस मामले में केस दर्ज किया गया। 2024 में, बेगूसराय के मटिहानी विधानसभा से जदयू विधायक नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह के बेटे सुभन सौरभ का भी अपहरण किया गया था। पुलिस ने सात घंटे की गहन खोजबीन के बाद सुभन को एक होटल से सुरक्षित बरामद कर लिया।

इतना ही नहीं, 2005 में बिहार के श्रम मंत्री संतोष सिंह ने अपने बेटे के अपहरण का गंभीर आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि राष्ट्रीय जनता दल के एक वरिष्ठ नेता ने उनसे फिरौती मांगी थी। मौजूदा घटना में विभूति यादव के लापता होने के मामले ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि उनकी तलाश के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। परिवार और स्थानीय लोग इस घटना से बेहद चिंतित हैं और विभूति के सुरक्षित मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।