Article

बिहार में NDA और विपक्षी महागठबंधन के बीच होगी सीधी टक्कर- सर्वे

 11 Jun 2025

बिहार में विधानसभा चुनाव अब कुछ ही महीनों में होने वाले हैं, और इससे पहले हुए एक ओपिनियन पोल के नतीजे काफी चौंकाने वाले साबित हो रहे हैं। इस सर्वे के अनुसार, आगामी चुनाव में सत्ताधारी एनडीए और विपक्षी महागठबंधन के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल सकती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बीजेपी-जेडीयू और अन्य दलों का गठबंधन एनडीए इस बार नुकसान झेल सकता है। दूसरी ओर, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में आरजेडी, कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियों का महागठबंधन बढ़त बनाते हुए नजर आ रहा है। सर्वे के अनुसार, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी का खाता तो खुल सकता है, लेकिन यह पार्टी कोई बड़ा प्रभाव छोड़ती नहीं दिख रही है। 


पोल ट्रैकर द्वारा यह सर्वेक्षण 15 मार्च से 5 जून के बीच किया गया, जिसमें 5 लाख से अधिक लोगों की राय को शामिल किया गया है। इस ओपिनियन पोल के अनुसार, इस साल महागठबंधन को 44.2 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 126 सीटें मिल सकती हैं। चूंकि बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं, ऐसे में यह आंकड़ा बहुमत के लिए पर्याप्त साबित हो सकता है। वहीं, सत्ताधारी एनडीए को 112 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है, जो उनकी वर्तमान स्थिति से कम है। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी, जो पिछले साल 2 अक्टूबर को गठित हुई थी, राज्य की सभी 243 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ रही है। इस पार्टी को केवल एक सीट और 2.7 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है। 

प्रशांत किशोर ने बिहार की जनता के लिए एक नया विकल्प देने की बात कही थी, लेकिन सर्वे के अनुसार उनकी पार्टी फिलहाल कोई बड़ा प्रभाव नहीं डाल पा रही है। हालांकि, अक्टूबर-नवंबर में संभावित विधानसभा चुनावों के असली नतीजे क्या होंगे, यह तो इलेक्शन रिजल्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।