Article

Uttar Pradesh: महिला संग आपत्तिजनक वीडियो वायरल, गोंडा BJP अध्यक्ष अमर किशोर पार्टी से निष्कासित

 11 Jun 2025

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में भारतीय जनता पार्टी को उस समय शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा जब पार्टी के ज़िलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में उन्हें पार्टी कार्यालय में एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा गया था। इस वीडियो के सार्वजनिक होते ही पार्टी की छवि पर गंभीर सवाल खड़े हो गए, जिसके चलते पार्टी नेतृत्व ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की।  


इस मामले में पार्टी की ओर से अमर किशोर कश्यप को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिसमें उनसे स्पष्टिकरण देने को कहा गया था।  हालांकि, प्रदेश बीजेपी कार्यालय द्वारा प्राप्त उनके स्पष्टीकरण को संतोषजनक नहीं माना गया। इसके बाद पार्टी की अनुशासन समिति ने मामले की गंभीरता और पार्टी की गरिमा पर पड़े असर को देखते हुए यह निर्णय लिया।

बीजेपी के प्रदेश महामंत्री गोबिंद नारायण शुक्ला द्वारा जारी निष्कासन पत्र में कहा गया है, “आपको कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था जिसमें आपको निर्देशित किया गया था कि आप अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रदेश कार्यालय को उपलब्ध कराएं। लेकिन आपके द्वारा दिया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया है। आपका आचरण भारतीय जनता पार्टी के अनुशासन के मानकों के अनुरूप नहीं है और इसे घोर अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखा गया है। 

प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेंद्र चौधरी के निर्देशानुसार, आपको तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया जाता है।” इस घटना के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। सूत्रों के अनुसार, प्रदेश नेतृत्व अब जिलों के स्तर पर अनुशासन और नैतिक आचरण सुनिश्चित करने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी करने पर विचार कर रहा है।