Article

Bihar Polls: ‘माई बहिन’ योजना को लेकर कांग्रेस का मिशन बिहार, दिल्ली से होगी निगरानी

 31 Jul 2025

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सभी सियासी दल अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं को साधने के उद्देश्य से अपनी महत्वाकांक्षी ‘माई बहिन मान योजना’ को पूरी ताकत के साथ आगे बढ़ाने की रणनीति अपनाई है। इस योजना को लेकर प्रदेश से लेकर पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व तक उत्साह का माहौल है। कांग्रेस इस अभियान की सफलता को देखते हुए अब दिल्ली मुख्यालय में नियंत्रण कक्ष (Control Room) स्थापित करने पर विचार कर रही है, ताकि योजना का संचालन अधिक संगठित ढंग से हो सके और राज्य के हर कोने तक इसकी पहुंच सुनिश्चित की जा सके।


‘माई बहिन मान योजना’ की शुरुआत 21 मई को पटना स्थित सदाकत आश्रम से की गई थी। इस अवसर पर कांग्रेस महिला मोर्चा की अध्यक्ष अलका लांबा और बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक राजेश राम मौजूद रहे। इस दौरान योजना का पोस्टर जारी कर अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई। योजना के तहत कांग्रेस ने वादा किया है कि यदि राज्य में इंडिया गठबंधन की सरकार बनती है, तो हर जरूरतमंद महिला को 2500 रुपये प्रतिमाह की सम्मान राशि उनके खातों में भेजी जाएगी। इसके लिए पार्टी गारंटी प्रपत्र भरवा रही है, जिसमें महिलाओं से योजना के प्रति समर्थन जुटाया जा रहा है।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम का दावा है कि इस योजना को राज्य की महिलाओं से जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा, "माई बहिन मान अभियान को जिस तरह से हाथों-हाथ लिया जा रहा है, वह साफ संकेत है कि बिहार में कांग्रेस की स्थिति मजबूत हो रही है।" पार्टी सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में भी इस अभियान को लेकर केंद्रीय नेतृत्व उत्साहित है। ताकि अभियान सुचारु रूप से चले, इसके लिए केंद्रीय स्तर पर एक नियंत्रण कक्ष की स्थापना की योजना बनाई जा रही है। इसका उद्देश्य न केवल अभियान की निगरानी करना होगा, बल्कि जमीनी कार्यकर्ताओं को हर संभव मदद पहुंचाना भी रहेगा।

योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए कांग्रेस ने राज्य के सभी जिलों में समन्वयकों की नियुक्ति की है। अनुभवी और समर्पित नेताओं को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। छपरा जिले के समन्वयक विनय चंद्र श्रीवास्तव उर्फ चुम्मनजी ने कहा, "माई बहिन मान अभियान राज्य में बदलाव का बड़ा वाहक बन सकता है। इसे लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है।" सीवान जिले के दरौली प्रखंड अध्यक्ष रजनीश मिश्र उर्फ लालबाबू ने बताया कि गांव-गांव जाकर महिलाएं योजना में रुचि दिखा रही हैं और बड़ी संख्या में प्रपत्र भर रही हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, दिल्ली मुख्यालय में संभावित नियंत्रण कक्ष के माध्यम से आंकड़ों को व्यवस्थित ढंग से एकत्र और विश्लेषित किया जाएगा, जिससे किसी भी प्रकार की त्रुटि या भ्रम की स्थिति से बचा जा सके। यह कक्ष डेटा विश्लेषण, फील्ड फीडबैक और संसाधन प्रबंधन के रूप में भी कार्य करेगा।