Article

IAS टीना और अतहर के बीच तलाक से लोगों को उलझन क्यों? लव जिहाद से कितना दूर थी ये जोड़ी?

 21 Nov 2020

2015 में यूपीएससी टॉपर रही टीना डाबी ने शादी के दो साल बाद ही IAS अफसर अतहर अमीर से अलग होने का फैसला किया है. उनके इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर एक मैसेज तैरने लगा। ‘टीना IAS थी इसलिए बच गई, कोई आम लड़की होती तो सूटकेस में मिलती।’ ये मैसेज किसी एक जगह पर नहीं बल्कि हजारों जगह पर दिखाई दिया। ये मैसेज सर्कुलेट करने वाले लगभग लोग भक्त मंडली से आते हैं। जो हर दिन सेक्यूलारिज्म को चुनौती देते रहते हैं। हिन्दू महिला की मुस्लिम से शादी को पूरी तरह से लव जिहाद मानते हैं। वो अलग बात है कि इन्हें लव जिहाद जैसी चीजे दुनिया में है ही नहीं। 

 

एक और बंदे ने लिखा, टीना डाबी और अतहर अमीर के अलग होने से लोगों का प्रेम से भरोसा उठ जाएगा। ये भी अजब लोग हैं। किसी पर भरोसा होने का एक अलग कांसेप्ट चलता है। मतलब ये कि भरोसा होना, तोड़ना और खोना अलग-अलग चीजें हैं। जो झूठ बोलकर भरोसा बनाए रखते हैं वो बड़े डरपोक होते हैं। डरते हैं खोने से उस इंसान को जिसको न खोने के लिए उन्होंने झूठ बोला होगा। भरोसा तोड़ने वाले वो होते हैं जिनको एक झूठ बचाने के लिए कई झुठो की परत डालनी पड़ती है। और भरोसा खोने वाले वो जो सच भी बोले तो झूठ लगता है क्योंकि वो भरोसा बचाने के लिए कोई भी कीमत चुकाने को तैयार रहते हैं। 

 

टीना डाबी और अतहर आमिर की शादी सेक्युलरिज्म का कोई उदाहरण थोड़े हैं, जो टूट गई तो धर्मनिरपेक्षता खतरे में आ गई। ऐसी न जाने कितनी शादियां देश में हर दिन होती हैं और न जाने कितनी शादियां टूटती हैं, न तो प्रेम खत्म हुआ और न ही लोगों का भरोसा करना कम हुआ। टीना और अतहर ने सिविल परीक्षा टॉप की है। स्वाभाविक तौर पर वह आम लोगों से कहीं ज्यादा समझदार हैं, रिश्ते को आगे बढ़ाना, या फिर उसे खत्म करके अलग-अलग होकर आगे बढ़ना उन्हें ठीक लगा होगा, इसलिए उन्होंने ऐसा किया। लेकिन टीवी मीडिया को तो मसाला चाहिए, फिर देश में लव जिहाद की चर्चा जोरो पर है, उसके लिए टीना-अतहर से बढ़िया मुद्दा क्या मिल सकता है। 

 

अगले कुछ दिनों तक मीडिया इनके रिश्तों की एक्सक्लूसिव जानकारी लोगों तक पहुंचाएगा. जिहाद स्पेस्लिस्ट सुरेश चव्हाणके जैसे लोग इसे लव जिहाद से जोड़ेंगे। टीना-अतहर या फिर उनके किसी नजदीकी ने कोई टिप्पणी कर दी तब तो तमाम चैनल ले उड़ेंगे। हमने पिछले दिनों सुशांत सुसाइड केस में ये देखा है। मीडिया ट्रायल के नाम पर स्टूडियो में जज बने एंकरों ने अपराधी घोषित करना शुरु कर दिया था। वो अलग बात है कि बाद में कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी। 

 

इस कमेंट में लिखा है, टीना आईएएस टॉपर थी इसलिए जिंदा रहने का मौका मिला, क्यों दीदी, सैफ अली खान से तलाक लेने के बाद क्या अमृता की हत्या हो गई? अरबाज खान से तलाक लेने के बाद मलाइका अरोड़ा खान की हत्या हो गई? आमिर खान से तलाक होने के बाद क्या रीना दत्ता की हत्या हो गई? नहीं दीदी नहीं, ऐसा नहीं होता। आप कहेंगी ये बड़े लोग हैं छोटे लोग होते तो मार दिए होते। दरअसल इसमें आपकी सोच का दोष है। जूही खान ने एक हिन्दू राजपूत लड़के से शादी की। जूही कहती हैं कि शादी के लिए धर्म से अधिक प्यार और सम्मान महत्वपूर्ण है। ऐसे न जाने कितनी सफल शादियां हैं. वाट्सऐप के फेक मैसेज से बाहर तो निकलिए, अपने आसपास देखिए। तमाम जिंदादिल लोग मिल जाएंगे। और हां, जिंदा लोगों को ही जिंदादिल लोग दिखते हैं। 

 

नफरती दोनो धर्मों में है। हाथरस में दलित बच्ची का रेप करने और हत्या करने वाले लोग हिन्दू ही थे। हरियाणा के वल्लभगढ़ में निकिता तोमर को एक मुस्लिम ने प्यार ठुकराने के नाम पर मार दिया। बिहार के वैशाली में गुलनाज को चंदन और सतीश ने जलाकर मार दिया। लोग अपने हिसाब से खबर चुनकर उसके जरिए नफरत फैलाने पर जुट जाते हैं। ये गलत है। केंद्र सरकार कई बार साफ कर चुकी है कि लव जिहाद जैसी कोई चीज नहीं है। लेकिन उनके भक्तों को क्या। जहां भी हिन्दू मुस्लिम देखा लव जिहाद से जोड़ दिया।