Article

शांति वार्ता के बीच रूस का यूक्रेन पर बड़ा हमला, 14 की मौत, जेलेंस्की ने अमेरिका से मांगी मदद

 18 Sep 2025

यूक्रेन में शांति समझौतों को लेकर हो रही चर्चाओं के बीच रूस ने एक बार फिर बड़ा हमला कर दिया है। उत्तरी यूक्रेन के डोब्रोपिलिया (Dobropillia) शहर में शुक्रवार रात रूसी सेना द्वारा किए गए भीषण मिसाइल और ड्रोन हमले में 14 लोगों की मौत हो गई, जिसमें पांच मासूम बच्चे भी शामिल हैं। इसके अलावा 37 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस हमले के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। 


रिपोर्ट के मुताबिक, रूसी सेना ने शुक्रवार रात बैलिस्टिक मिसाइलों, रॉकेटों और ड्रोन के जरिए जबरदस्त हमला किया।  इस दौरान आठ बहुमंजिला इमारतें जमींदोज हो गईं और लगभग 30 वाहन पूरी तरह नष्ट हो गए। यूक्रेनी प्रशासन के अनुसार, इस हमले में 14 लोगों की जान चली गई, जिसमें पांच बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, 37 अन्य लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा, यूक्रेन के खार्कीव क्षेत्र में हुए एक अन्य हमले में तीन लोगों की मौत हो गई है। रूसी सेना लगातार डोनेस्क क्षेत्र में हमले कर रही है और अब डोनबास पर पूरी तरह कब्जा करने की मंशा में है।

रूस के इरादे नहीं बदले - जेलेंस्की


रूस के इस हमले पर यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिए कहा, "रूस के इस हमले से साफ है कि उसके इरादे अब भी नहीं बदले हैं। इसलिए हमारी प्राथमिकता है कि हम अपनी रक्षा प्रणाली को और मजबूत करें और रूस पर अधिक प्रतिबंध लगाए जाएं। पुतिन को युद्ध के लिए वित्तीय मदद देने वाली हर चीज को खत्म किया जाना चाहिए।" उन्होंने कहा कि जब तक रूस अपनी नीतियों को नहीं बदलता, तब तक यूक्रेन अपनी सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास करता रहेगा। जेलेंस्की ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी अपील करते हुए कहा कि रूस पर और कड़े प्रतिबंध लगाने होंगे ताकि उसके युद्ध के मंसूबे विफल हो सकें।

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने आगे बताया कि अमेरिका और डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के साथ शांति समझौतों पर लगातार चर्चा जारी है। जेलेंस्की ने कहा, "हम अपने उन साझेदारों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं जो शांति के पक्षधर हैं। अगले सप्ताह यूरोप, अमेरिका और सऊदी अरब में महत्वपूर्ण बैठकें होने जा रही हैं। हम इन बैठकों के जरिए शांति बहाल करने और सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाएंगे।" इसके अलावा जेलेंस्की ने कहा कि उनकी टीम की अमेरिकी प्रशासन के साथ कई बार बातचीत हो चुकी है और सभी का उद्देश्य शांति को जल्द से जल्द स्थापित करना है। उन्होंने कहा, "हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं कि जितनी जल्दी हो सके यूक्रेन में शांति बहाल हो और नागरिकों को सुरक्षित माहौल मिले। मैं उन सभी देशों का धन्यवाद करता हूं जो हमारी मदद कर रहे हैं।"

Read This Also:- "यूक्रेन ने युद्धविराम पर सहमति दी, अब रूस की बारी – ट्रंप बोले, जल्द करेंगे पुतिन से बातचीत"