Article

महिलाओं के लिए खुशखबरी! दिल्ली सरकार देगी हर महीने 2500 रुपये, कैबिनेट ने दी योजना को हरी झंडी

 18 Sep 2025

दिल्ली  की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने शुक्रवार को राजधानी दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए दिल्ली की महिलाओं के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके आर्थिक उत्थान के लिए 'महिला समृद्धि योजना' की शुरुआत करने की घोषणा की। इस योजना के तहत दिल्ली की बीपीएल (BPL) कार्ड धारक महिलाओं को विशेष आर्थिक सहायता और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। 


सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले दिल्ली सचिवालय में आयोजित कैबिनेट बैठक में महिला समृद्धि योजना को लेकर लंबी चर्चा हुई थी, जिसके बाद इस योजना को मंजूरी दी गई।  मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा, "दिल्ली की महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए यह योजना एक ऐतिहासिक कदम होगा। हमारी सरकार ने पिछले 15 दिनों में महिलाओं के कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। हम महिलाओं को न केवल आर्थिक रूप से मजबूत बनाएंगे, बल्कि उन्हें समाज के हर क्षेत्र में सशक्त करने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे।"

महिला समृद्धि योजना के तहत मिलेंगी कई सुविधाएं


मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में यह स्पष्ट किया कि महिला समृद्धि योजना के तहत दिल्ली की बीपीएल कार्ड धारक महिलाओं को कई तरह की सुविधाएं दी जाएंगी। इस योजना के माध्यम से महिलाओं को वित्तीय सहायता, स्वरोजगार के अवसर, कौशल विकास प्रशिक्षण और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए हर संभव मदद दी जाएगी। रेखा गुप्ता ने कहा, "इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता प्रदान करना नहीं है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। हमारी सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि महिलाएं खुद के पैरों पर खड़ी हो सकें और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में योगदान दें।" उन्होंने यह भी कहा कि सरकार जल्द ही इस योजना के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू करेगी, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत विशेष रूप से उन महिलाओं को फायदा मिलेगा जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और जीवन यापन के लिए संघर्ष कर रही हैं।

दिल्ली में बढ़ेगी पिंक पुलिस स्टेशन की संख्या


मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए घोषणा की कि उनकी सरकार जल्द ही दिल्ली में पिंक पुलिस स्टेशनों (Pink Police Stations) की संख्या में इजाफा करेगी। पिंक पुलिस स्टेशन विशेष रूप से महिलाओं से जुड़े मामलों के समाधान के लिए कार्यरत होते हैं। रेखा गुप्ता ने कहा, "महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों पर रोक लगाने और उन्हें त्वरित न्याय दिलाने के लिए हमारी सरकार दिल्ली में पिंक पुलिस स्टेशनों की संख्या में बढ़ोतरी करेगी। यह पुलिस स्टेशन केवल महिला अधिकारियों द्वारा संचालित होंगे, ताकि महिलाएं बिना किसी भय के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें और त्वरित न्याय प्राप्त कर सकें।" मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार दिल्ली को महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार ने केंद्र सरकार के साथ मिलकर महिलाओं के लिए कई योजनाओं पर काम करने का फैसला किया है। आने वाले समय में दिल्ली की महिलाएं खुद को अधिक सुरक्षित और सशक्त महसूस करेंगी।

अपने भाषण के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपनी निजी जिंदगी का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कैसे उनके पिता ने उन्हें राजनीति में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और पार्टी ने उन्हें मुख्यधारा की राजनीति में काम करने का मौका दिया। रेखा गुप्ता ने कहा, "जब मैं कॉलेज में थी, तब मैंने डीयू (दिल्ली विश्वविद्यालय) का चुनाव लड़ा। उस समय मेरी मां ने मुझसे कहा कि चुनाव लड़ना लड़कियों के लिए नहीं है, लेकिन मेरे पिता ने मुझे प्रोत्साहित किया। आज मैं जो कुछ भी हूं, वो मेरी पार्टी और परिवार के समर्थन के कारण हूं।"

Read This Also:- उत्तर प्रदेश : मुरादाबाद से हिजबुल मुजाहिदीन का आतंकी गिरफ्तार, पाकिस्तान से लेकर आया था आतंकी ट्रेनिंग