Article

Punjab: भगवंत मान सरकार की बड़ी कार्रवाई, भ्रष्टाचार के आरोप में 52 पुलिस अधिकारी बर्खास्त

 27 Oct 2025

पंजाब सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए गए 52 पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है। इससे पहले, दो दिन पूर्व मुक्तसर के डिप्टी कमिश्नर (DC) को भी निलंबित किया गया था। पंजाब सरकार राज्य में भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपना रही है।


मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे वह कोई प्रशासनिक अधिकारी हो, पुलिसकर्मी हो या फिर किसी भी दल से जुड़ा नेता। भ्रष्टाचार पर शिकंजा कसने के लिए मुख्यमंत्री ने एक भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन - 9501200200 भी जारी की है। इसके जरिए नागरिक ऑडियो या वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से रिश्वतखोरी की शिकायत कर सकते हैं। सरकार का दावा है कि दोषी अधिकारियों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी ताकि प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।

दिल्ली में हार के बाद पंजाब में सख्ती


दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) की हालिया हार के बाद पंजाब में पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा रुख अपना रही है। सरकार ने डीसी, एसडीएम, एसएसपी और एसएचओ को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रष्टाचार पर सख्ती से लगाम लगाएं। जो अधिकारी इन निर्देशों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई अनिवार्य होगी। सरकार के इस सख्त रुख से अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जनता से भी अपील की है कि यदि कोई अधिकारी रिश्वत मांगता है तो उसकी रिकॉर्डिंग कर हेल्पलाइन पर भेजें। सरकार सुनिश्चित करेगी कि भ्रष्ट अधिकारियों को सजा मिले और प्रशासनिक व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए। पंजाब सरकार के इस कड़े रुख से यह साफ हो गया है कि अब भ्रष्टाचारियों के लिए कोई जगह नहीं और पारदर्शी प्रशासन ही राज्य की प्राथमिकता होगी।

Read This Also:- Punjab:शिक्षा सुधार या हस्तक्षेप? सरकारी स्कूलों में मनीष सिसोदिया के दौरे से मचा हंगामा