Article

एक कॉल और गिरफ्तारी: पंजाब में SC-ST एक्ट के तहत केंद्रीय मंत्री के सहयोगी पर केस

 10 Nov 2025

पंजाब में एक मिस्ड वॉट्सऐप कॉल से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के करीबी सहयोगी राजेश अत्री को पंजाब पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने एक वॉट्सऐप कॉल के दौरान शिकायतकर्ता के साथ अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया। इस गिरफ्तारी के बाद राज्य में राजनीतिक घमासान मच गया है।


गलती से लगी कॉल, फिर दर्ज हुआ केस


पटियाला के लाहौरी गेट निवासी एक व्यक्ति ने सिविल लाइंस पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने गलती से राजेश अत्री को वॉट्सऐप कॉल कर दी थी, जिसके बाद अत्री ने उनके साथ बदसलूकी और अपशब्दों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए अत्री के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी सतनाम सिंह ने बताया, "शिकायतकर्ता ने गलती से वॉट्सऐप कॉल कर दी थी, जिसके बाद अत्री ने कथित तौर पर अपशब्द कहे। इस पर एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और उन्हें गिरफ्तार किया गया।"

बिट्टू का पंजाब सरकार पर निशाना


इस मामले पर केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने भगवंत मान सरकार पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "मेरे करीबी और कई पीढ़ियों से जुड़े सहयोगी राजेश अत्री को आज सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। भगवंत मान सत्ता के नशे में चूर हैं। मेरे दो निर्दोष साथियों को गिरफ्तार किया गया और पंजाब पुलिस मेरे करीबियों के घरों पर छापेमारी कर रही है।"

राजनीतिक साजिश का आरोप


राजेश अत्री कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रह चुके हैं और जब बिट्टू भाजपा में शामिल हुए, तब वे भी उनके साथ आ गए थे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस गिरफ्तारी के पीछे राजनीतिक साजिश हो सकती है। इस पूरे विवाद के बीच, बिट्टू के एक अन्य सहयोगी राजीव राजा को भी एक उद्योगपति से 30 लाख रुपये की फिरौती मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने राजा के अलावा दो अन्य व्यक्तियों को भी हिरासत में लिया है।

Read This Also:- AAP विधायकों की नाराजगी के बीच केजरीवाल की बैठक, क्या पंजाब में कुछ बड़ा होने वाला है?