Article
बांग्लादेश में दहशत का माहौल, ऑपरेशन डेविल हंट के तहत बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियां
10 Nov 2025
बांग्लादेश में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। हाल ही में देश में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी, जिसके जवाब में मोहम्मद यूनुस सरकार ने ऑपरेशन डेविल हंट (Operation Devil Hunt) शुरू किया है। इस अभियान के तहत अब तक 1300 से अधिक लोगों की गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। लेकिन सवाल उठ रहा है—क्या सरकार इस ऑपरेशन के जरिए पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के समर्थकों को निशाना बना रही है?
अवामी लीग के नेताओं पर हमले, बढ़ती हिंसा
कुछ दिन पहले बांग्लादेश में उपद्रवियों ने शेख हसीना की पार्टी, अवामी लीग के नेताओं और समर्थकों पर हमले किए। इस हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए, और हसीना परिवार से जुड़े स्थानों और प्रतीकों को निशाना बनाया गया। इसके बाद, मोहम्मद यूनुस सरकार ने बयान जारी कर कहा कि देश में अस्थिरता फैलाने वाली ताकतों को पूरी तरह उखाड़ फेंका जाएगा।
क्या है ऑपरेशन डेविल हंट?
बांग्लादेश सरकार के अनुसार, ऑपरेशन डेविल हंट उन तत्वों के खिलाफ चलाया जा रहा है जो देश में हिंसा और उपद्रव को बढ़ावा दे रहे हैं। गृह सलाहकार जहांगीर आलम चौधरी ने स्पष्ट किया कि यह अभियान तब तक चलेगा जब तक सभी ‘शैतानों’ को कानून के कठघरे में नहीं खड़ा कर दिया जाता।
सरकार के मुताबिक, यह ऑपरेशन उस घटना के बाद शुरू किया गया जब गाजीपुर में छात्रों पर हमले किए गए। चौधरी ने कहा, "एक भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। यह उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई है जो कानून की अवहेलना कर रहे हैं और हिंसा भड़का रहे हैं।"
बीते बुधवार को बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान के ऐतिहासिक घर में आग लगा दी गई। यह वही स्थान है, जहां से उन्होंने 1971 में बांग्लादेश की आज़ादी का ऐलान किया था। इस हिंसा के बाद शेख हसीना ने सोशल मीडिया पर अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा था—
“बांग्लादेश का इतिहास बुलडोजर से नहीं मिटाया जा सकता।”
गत वर्ष बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार के खिलाफ विद्रोह हुआ, जिसके चलते 77 वर्षीय हसीना को भारत में शरण लेनी पड़ी। फिलहाल वह भारत में रह रही हैं, जबकि बांग्लादेश में उनकी पार्टी के समर्थकों पर हमले जारी हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की पार्टी, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने यूनुस सरकार से मॉब लिंचिंग और कानून व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। वहीं, प्रधानमंत्री मोहम्मद यूनुस ने सभी नागरिकों से शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की है।
Read This Also:- भ्रष्टाचार पर CBI की सख्ती, दिल्ली में परिवहन विभाग के 6 अधिकारी गिरफ्तार
Read This Also:- भ्रष्टाचार पर CBI की सख्ती, दिल्ली में परिवहन विभाग के 6 अधिकारी गिरफ्तार