Article

'एक विचार, एक इतिहास थोपना चाहती है RSS' – UGC मुद्दे पर राहुल गांधी का बड़ा आरोप

 13 Nov 2025

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के मसौदा नियमों का हवाला देते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस देश पर "एक विचार, एक इतिहास और एक भाषा" थोपने का प्रयास कर रहा है, लेकिन इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। राहुल गांधी दिल्ली के जंतर-मंतर पर डीएमके की छात्र इकाई द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए और केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।


‘RSS देश की विविधता मिटाने की कोशिश कर रहा’


राहुल गांधी ने कहा, "आरएसएस का उद्देश्य देश की अन्य सभी संस्कृतियों, परंपराओं और इतिहास को मिटाना है। वे चाहते हैं कि देश में सिर्फ एक विचारधारा हावी हो।" उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न राज्यों की शिक्षा प्रणाली को भी प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है, जो संघीय ढांचे के खिलाफ है। उन्होंने कहा, "भारत को राज्यों का संघ इसलिए कहा जाता है क्योंकि प्रत्येक राज्य की अपनी विशिष्ट परंपरा, इतिहास और भाषा होती है। हमें इन मतभेदों का सम्मान करना चाहिए और इन्हें समझना चाहिए।" 

‘तमिल संस्कृति और इतिहास पर हमला’


राहुल गांधी ने विशेष रूप से तमिलनाडु का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की संस्कृति, भाषा और इतिहास हजारों साल पुराना है। उन्होंने कहा, "तमिल लोगों की समृद्ध परंपरा और इतिहास को खत्म करने की कोशिश करना उनका अपमान है। यही आरएसएस अन्य राज्यों में भी करने की कोशिश कर रही है।" कांग्रेस नेता ने विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' का समर्थन दोहराते हुए कहा कि उनकी पार्टी हर राज्य, हर भाषा और हर संस्कृति का सम्मान करती है। उन्होंने कहा, "हम अपने घोषणापत्र में पहले ही कह चुके हैं कि शिक्षा को राज्य सूची में वापस लाया जाएगा। हम आरएसएस की विचारधारा को नहीं मानते और न ही इसे स्वीकार करेंगे।"

राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब बुधवार को कर्नाटक सरकार ने विपक्ष शासित राज्यों के उच्च शिक्षा मंत्रियों की बैठक बुलाई थी। इसमें कर्नाटक, तेलंगाना, केरल, तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश और झारखंड के मंत्रियों ने यूजीसी के "दमनकारी" मसौदे के खिलाफ 15 सूत्रीय प्रस्ताव पारित किया। राहुल गांधी ने कहा, "आरएसएस को यह समझने की जरूरत है कि वे संविधान, राज्यों की पहचान, संस्कृतियों, परंपराओं और इतिहास पर हमला नहीं कर सकते। यह देश उनकी संकीर्ण विचारधारा को कभी स्वीकार नहीं करेगा।"

Read This Also:- राहुल गांधी के आरोपों पर चुनाव आयोग ने दी प्रतिक्रिया, बोले- सभी सवालों का देंगे लिखित जवाब