Article

पीएम मोदी ने कहा- 'इनोवेटिव सर्विस सेक्टर और क्वालिटी प्रोडक्ट्स हैं हमारी अर्थव्यवस्था के दो आधार'

 11 Dec 2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भुवनेश्वर में आयोजित 'उत्कर्ष ओडिशा, मेक इन ओडिशा कॉन्क्लेव' का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति भी उपस्थित थे। पीएम मोदी ने इस व्यापार शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए 'मेक इन ओडिशा' प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया, जिसमें राज्य की औद्योगिक सफलता और समृद्धि को प्रदर्शित किया गया। दो दिवसीय इस सम्मेलन में उद्योग जगत के प्रमुख चेहरों और करीब 7,500 कारोबारी प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है।


समारोह में प्रमुख उद्योगपति जैसे वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला, और जिंदल स्टील एंड पावर के चेयरमैन नवीन जिंदल भी मौजूद थे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस सम्मेलन का उद्देश्य ओडिशा को एक प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करना है और उद्योग जगत, निवेशकों, तथा नीति निर्माताओं को राज्य में मौजूद अवसरों के बारे में जानकारी देना है।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, "यह ओडिशा में अब तक की सबसे बड़ी बिजनेस समिट है, जिसमें पहले के मुकाबले 5-6 गुना ज्यादा निवेशक शामिल हो रहे हैं। ओडिशा सरकार और उसके लोगों को इस सफलता के लिए बधाई।" उन्होंने आगे कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था के दो बड़े स्तंभ हैं—इनोवेटिव सर्विस सेक्टर और उच्च गुणवत्ता वाले भारतीय उत्पाद। उनका मानना था कि केवल कच्चे माल के निर्यात से भारत की तेज़ प्रगति संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समग्र इकोसिस्टम में बदलाव की आवश्यकता है।

प्रधानमंत्री ने अपनी बात रखते हुए उद्योगपतियों से आग्रह किया कि वे तेजी से बदलती वैश्विक परिस्थितियों में भारत के लिए सशक्त सप्लाई चेन बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा, "भारत को अब आयात आधारित सप्लाई चेन पर अधिक निर्भर नहीं रहना चाहिए, और इसके लिए हम सभी को मिलकर काम करना होगा।" पीएम मोदी ने ओडिशा की भूमिका पर भी जोर दिया और कहा, "मैं पूर्वी भारत को देश के विकास का ग्रोथ इंजन मानता हूं, और ओडिशा इसमें एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। ओडिशा ऐतिहासिक रूप से दक्षिण-पूर्व एशिया के प्रमुख व्यापार केंद्रों में शामिल था, और आज भी यह राज्य आर्थिक विकास में अहम योगदान दे सकता है।"

प्रधानमंत्री ने ओडिशा के विकास को लेकर विश्वास जताते हुए कहा, "मुझे पूरा विश्वास है कि ओडिशा बहुत जल्द उस ऊंचाई पर पहुंचेगा, जिसे किसी ने कभी कल्पना भी नहीं की थी।" उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की टीम की सराहना करते हुए कहा कि वे ओडिशा के विकास को तेज़ गति से आगे बढ़ा रहे हैं।

Read This Also:- CM रेड्डी ने PM मोदी को महमूद गजनी कहा, बार-बार संविधान पर कर रहे हमला, BJP ने कहा- ‘माफी माँगो’