Article

Delhi Election से पहले 'आप' पर भाजपा का बड़ा हमला: महिला सम्मान योजना में डेटा लीक का आरोप

 18 Dec 2025

दिल्ली में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) पर बड़ा और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि ‘आप’ ने मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना के तहत महिलाओं से भरवाए गए फॉर्म कबाड़ी को बेच दिए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दावा किया कि एक ही कबाड़ी के पास से 30,000 फॉर्म के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी और बैंक डिटेल्स बरामद हुए हैं। शनिवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सचदेवा ने मीडिया के सामने इन फॉर्म और दस्तावेजों का ढेर दिखाया। उन्होंने आरोप लगाया कि ये फॉर्म आम आदमी पार्टी द्वारा मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना के नाम पर भरवाए गए थे। 


सचदेवा ने कहा कि ये फॉर्म तिमारपुर विधानसभा क्षेत्र के एक कबाड़ी के पास पाए गए, जिसने बाद में यह दस्तावेज भाजपा प्रत्याशी को सौंप दिए।

 भाजपा के आरोप


वीरेंद्र सचदेवा ने अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, "अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी लगातार दिल्लीवासियों को लूटने और धोखा देने का काम कर रहे हैं। उनके झूठे वादे और घोषणाएं केवल जनता को भ्रमित करने के लिए होते हैं। इस बार उन्होंने माताओं और बहनों के विश्वास के साथ खिलवाड़ किया है। महिला सम्मान योजना के तहत 2,100 रुपए देने का झूठा वादा किया गया और घर-घर जाकर रजिस्ट्रेशन करवाया गया। लेकिन अब यह साफ हो गया है कि इस डेटा का गलत इस्तेमाल हुआ।" उन्होंने कहा कि इस डेटा लीक के कारण डिजिटल फ्रॉड के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। 

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि यह केवल तिमारपुर विधानसभा क्षेत्र का मामला है, जहां से 30,000 फॉर्म मिले हैं। उन्होंने कहा कि 70 विधानसभा क्षेत्रों में इस योजना के तहत कितना डेटा लीक हुआ होगा, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। 

महिलाओं के डेटा की सुरक्षा पर सवाल


वीरेंद्र सचदेवा ने चिंता जताते हुए कहा कि यह डेटा कितने लोगों तक पहुंचा होगा और इसका इस्तेमाल कितने बैंक खातों से पैसे निकालने में किया जा सकता है, इसकी कोई सीमा नहीं है। उन्होंने कहा, "यह केवल दिल्ली की महिलाओं के साथ धोखा नहीं है, बल्कि उनकी गोपनीयता और वित्तीय सुरक्षा पर भी गंभीर हमला है। आम आदमी पार्टी ने महिलाओं से उनकी व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी ली और इसे सुरक्षित रखने में असफल रही।" 

 महिला सम्मान योजना पर विवाद


 गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली में मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना लागू करने की घोषणा की थी। इस योजना के तहत चुनाव से पहले महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपए देने का वादा किया गया था। पार्टी ने इसके लिए घर-घर जाकर महिलाओं से फॉर्म भरवाए। हालांकि, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और डेटा की सुरक्षा को लेकर भाजपा ने पहले ही सवाल उठाए थे। अब 30,000 फॉर्म और व्यक्तिगत डेटा के कबाड़ी के पास मिलने की खबर ने इस योजना पर और भी विवाद खड़ा कर दिया है। 

 भाजपा का सीधा सवाल


सचदेवा ने कहा, "अरविंद केजरीवाल लगातार झूठे वादों और घोषणाओं के जरिए दिल्ली की जनता को गुमराह करते रहे हैं। लेकिन इस बार मामला बहुत गंभीर है। यह न केवल महिलाओं के विश्वास का अपमान है, बल्कि उनकी सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ है। सवाल यह है कि यह डेटा किसके पास गया, किस उद्देश्य से इसका इस्तेमाल हुआ और कितने लोगों को इसका नुकसान हुआ।

भाजपा के इन आरोपों के बाद आम आदमी पार्टी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, यह मुद्दा चुनावी माहौल में बड़ा विवाद बन सकता है। भाजपा इस मामले को जनता के बीच उठाकर ‘आप’ की छवि को नुकसान पहुंचाने की पूरी कोशिश कर रही है।

इस मामले ने चुनावी राजनीति को नई दिशा दे दी है। डेटा सुरक्षा, योजनाओं की पारदर्शिता और वादों की विश्वसनीयता को लेकर राजनीतिक दलों के बीच बहस और तेज हो सकती है। महिलाओं के साथ इस तरह की धोखाधड़ी का मुद्दा न केवल भाजपा बल्कि अन्य विपक्षी दलों के लिए भी बड़ा मुद्दा बन सकता है। आने वाले दिनों में इस विवाद का दिल्ली चुनाव पर क्या असर पड़ेगा, यह देखना दिलचस्प होगा।

Read This Also:- अमृतसर में आंबेडकर मूर्ति हमले की गूँज दिल्ली चुनाव तक, कांग्रेस ने केजरीवाल को कहा ‘वोटजीवी’, बीजेपी भी हमलावर