Article

पंजाब पुलिस ने केजरीवाल की सुरक्षा में तैनात जवानों को हटाया, जानिए क्या है वजह

 29 Dec 2025

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा को लेकर एक नई स्थिति सामने आई है। पंजाब पुलिस ने अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा में तैनात अपने जवानों को वापस ले लिया है। पंजाब के पुलिस प्रमुख ने 23 जनवरी को इस फैसले की जानकारी दी और कहा कि समय-समय पर मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल को धमकियों के संबंध में सूचनाएं मिलती रहती हैं, जिन्हें वे संबंधित एजेंसियों के साथ साझा करते रहते हैं।


पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने पटियाला में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “आज दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए, हमने केजरीवाल जी की सुरक्षा में पंजाब पुलिस को वापस ले लिया। हम अपनी चिंताओं से उन्हें अवगत करा चुके हैं और अब हमारे इनपुट दिल्ली पुलिस के साथ साझा किए जाएंगे।” यह घटनाक्रम दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सामने आया है, जो 5 फरवरी को होने वाले हैं और परिणाम 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।

दूसरी ओर, अरविंद केजरीवाल ने सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर आरोप गुरुवार को लगाया। उन्होंने कहा कि आज हरि नगर में विपक्षी उम्मीदवार के समर्थकों को पुलिस ने उनकी जनसभा में घुसने की अनुमति दी, जिसके बाद उन समर्थकों ने उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया।

दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान को लेकर सभी पार्टियां सक्रिय हो गई हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपने प्रचार को मजबूती देने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत पार्टी के प्रमुख नेताओं को दिल्ली में तैनात किया है। पार्टी ने करीब 300 नेताओं को चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली भेजा है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी अपनी चुनावी रणनीति को मजबूत करते हुए कई कल्याणकारी योजनाओं का वादा किया है।

Read This Also:- Delhi Polls: BJP के इशारे पर दिल्ली पुलिस रच रही साजिश, केजरीवाल की सुरक्षा पर आतिशी का बड़ा बयान