Article

गुरपतवंत पन्नू ने भगवंत मान को दी जान से मारने की धमकी, गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में बदलाव

 30 Dec 2025

खालिस्तानी आतंकी और सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को जान से मारने की धमकी दी है। पन्नू ने एक वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री मान को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि उनका हाल भी उसी तरह होगा जैसा पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह का हुआ था। पन्नू ने कहा कि वे भगवंत मान को बम से उड़ा देंगे। पन्नू का आरोप है कि भगवंत मान 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर फरीदकोट के नेहरू स्टेडियम में तिरंगा फहराने वाले हैं, और उन्होंने यहां पर खालिस्तानी नारे भी लिखवाए हैं। इस संदर्भ में पन्नू ने अपने वीडियो में कहा कि सिख युवा तिरंगे के बजाय सिर्फ खालिस्तान का झंडा ही उठाएं।


 पन्नू ने यह भी कहा कि अब जबकि अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की सरकार आ चुकी है, तो सरकारों के बदलने से वैश्विक राजनीति में बदलाव आ सकता है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब अब भारत का हिस्सा नहीं है और सिखों को अपने आंदोलन के संदेश को सही तरीके से फैलाने की जरूरत है। पन्नू ने किसानों से अपील की कि वे पंजाब के प्रमुख जिलों जैसे अमृतसर, गुरदासपुर और जालंधर में डीसी ऑफिसों पर खालिस्तान के झंडे फहराएं, ताकि पंजाब से यह संदेश सीधे डोनाल्ड ट्रंप तक पहुंचे। उनका कहना था कि ट्रंप को यह समझने की आवश्यकता है कि सिखों और भारत सरकार के बीच धर्म और राजनीति को लेकर एक गहरा भेद है, और इसके कारण भारत में स्थिति लगातार तनावपूर्ण हो रही है। इस बीच, पंजाब पुलिस को सुरक्षा एजेंसियों से तीन दिन पहले एक चेतावनी मिली थी कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पर आतंकी हमले का खतरा है। 

सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि यह हमला विभिन्न तरीकों से हो सकता है, जैसे टिफिन बम, ड्रोन हमले, या महिला मानव बम के जरिए। इस जानकारी के आधार पर पंजाब पुलिस ने मुख्यमंत्री मान की सुरक्षा कड़ी कर दी है। दरअसल, यह धमकी वारिस पंजाब दे संगठन के प्रमुख और खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह पर की गई कार्रवाई के बाद सामने आई है। इस कार्रवाई के कारण मुख्यमंत्री भगवंत मान अब अलगाववादी संगठनों के निशाने पर हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान को सिख फॉर जस्टिस की ओर से मिल रही धमकियों के मद्देनजर उनके गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में अचानक बदलाव किया गया है। पहले उनका योजना फरीदकोट में तिरंगा फहराने की थी, लेकिन अब यह कार्यक्रम बदल दिया गया है और मुख्यमंत्री ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि वे अब कहां तिरंगा फहराएंगे। 

माना जा रहा है कि उनकी सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है और नए स्थान की घोषणा जल्द की जाएगी। इन धमकियों और सुरक्षा अलर्ट के बीच, पंजाब सरकार और सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से ले रही हैं और मुख्यमंत्री की सुरक्षा में कोई कमी नहीं छोड़ने की पूरी कोशिश कर रही हैं। साथ ही, पन्नू के बयान और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए राज्य और राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।

Read This Also:- Delhi Polls: ‘हर जरूरत पूरी होगी, दिल्ली में कांग्रेस है जरूरी’, दिल्ली चुनाव के लिए कांग्रेस ने लॉन्च किया अभियान गीत