Article

सरकार के झूठे दावों का पर्दाफाश करते हुए अखिलेश ने योगी सरकार पर बोला तीखा हमला

 03 Feb 2026

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार फर्जी आंकड़े पेश कर जनता को गुमराह कर रही है। प्रयागराज में महाकुंभ मेले को लेकर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा, “सरकार का हर आंकड़ा फर्जी है। यहां तक कि कई ट्रेनें खाली जा रही हैं, लेकिन सरकार इन्हें भरा हुआ दिखा रही है।” उन्होंने यह भी दावा किया कि गोरखपुर जाने वाली कई ट्रेनें भी खाली जा रही हैं, जिससे योगी सरकार की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।


योगी सरकार की आर्थिक नीतियों पर तिखा हमला


अखिलेश यादव ने महाकुंभ के अलावा योगी सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) जैसे कदमों ने देश की अर्थव्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया है। उन्होंने कहा, “नोटबंदी के समय दावा किया गया था कि इससे काला धन खत्म हो जाएगा, लेकिन भ्रष्टाचार और बढ़ गया। इसके बाद जीएसटी ने व्यापारियों की कमर तोड़ दी।” उन्होंने कानपुर का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां के व्यापारी अब शहर छोड़ने पर मजबूर हो गए हैं।

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार की नीतियों और प्रबंधन पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सरकार जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा, “सरकार के झूठे दावों और फर्जी आंकड़ों की सच्चाई जनता अब जान चुकी है। महाकुंभ जैसे ऐतिहासिक आयोजन को भी भाजपा अपने प्रचार का माध्यम बना रही है।” अखिलेश यादव ने मिल्कीपुर उपचुनाव के बारे में कहा कि यहां कोई व्यक्ति चुनाव नहीं लड़ रहा है, बल्कि पीडीए का प्रतिनिधि चुनाव मैदान में है। उन्होंने दावा किया कि यह उपचुनाव देश के इतिहास का सबसे बड़ा उपचुनाव होगा। इसलिए वे चाहते हैं कि दुनियाभर के पत्रकार इस चुनाव को देखने, समझने और कवर करने के लिए आएं। 

मिल्कीपुर चुनाव PDA और BJP के बीच


अखिलेश ने यह भी कहा, “हम इस चुनाव की एक केस स्टडी के लिए बड़े विद्वानों को आमंत्रित करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश की सरकार इस उपचुनाव को पारदर्शी चुनाव का उदाहरण बनाए और सभी को इसमें शामिल होने का अवसर दे। मिल्कीपुर का चुनाव पीडीए और भाजपा के भ्रष्ट तंत्र के बीच मुकाबला है। भाजपा पहले ही भीतरघात के कारण कमजोर हो चुकी है। भाजपा को हराने के लिए किसान, महिलाएं और युवा सभी तैयार हैं। इस चुनाव का परिणाम एक बड़ा संदेश देगा और भाजपा का यह भ्रम टूट जाएगा कि हमेशा उन्हीं को वोट मिलते हैं। मिल्कीपुर में पीडीए की सौहार्दपूर्ण राजनीति जीतेगी और साम्प्रदायिक राजनीति हार जाएगी।”

Read This Also:- योगी सरकार में मंत्री डॉ. संजय निषाद की संविधान रथ यात्रा,निषाद, केवट और मल्लाह समुदाय को एससी का दर्जा देने की मांग