Article

Delhi Polls: BJP ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची, PM मोदी, अमित शाह समेत बड़े चेहरे शामिल

 06 Feb 2026

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कुल सात मुख्यमंत्रियों के नाम शामिल हैं। दिल्ली में मतदान 5 फरवरी को होगा और नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।


पूर्वांचल वोटर्स पर BJP की नजर


दिल्ली में पूर्वांचल से आने वाले मतदाताओं की बड़ी संख्या को देखते हुए बीजेपी ने भोजपुरी सितारों और सांसदों को भी इस सूची में जगह दी है। इन नामों में मनोज तिवारी, रवि किशन और दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' प्रमुख हैं। बीजेपी पूर्वांचल वोट बैंक को मजबूत करने के उद्देश्य से इन नेताओं की लोकप्रियता का फायदा उठाना चाहती है।

 

बीजेपी ने अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची में सात मुख्यमंत्रियों को शामिल किया है। इनमें योगी आदित्यनाथ (उत्तर प्रदेश), देवेंद्र फडणवीस (महाराष्ट्र), हिमंत बिस्वा सरमा (असम), पुष्कर सिंह धामी (उत्तराखंड), भजन लाल शर्मा (हरियाणा), नायब सिंह सैनी (पंजाब), और मोहन यादव (मध्य प्रदेश) के नाम प्रमुख हैं। इसके अलावा, केंद्रीय मंत्रियों में नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर, पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, हरदीप सिंह पुरी और गिरिराज सिंह को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है।


दिल्ली के सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी शामिल


दिल्ली के सभी सात सांसद भी इस सूची में शामिल हैं। इनके साथ दिल्ली बीजेपी प्रभारी बैजयंत पांडा, सह प्रभारी अलका गुर्जर और प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा जैसे वरिष्ठ नेताओं को भी प्रमुखता दी गई है। चुनाव में कुछ ही दिन बाकी हैं, और सभी पार्टियां अपनी तैयारियों में जुट गई हैं। उम्मीदवारों के नाम घोषित हो चुके हैं, और नामांकन प्रक्रिया जोरों पर है। बुधवार को शुभ मुहूर्त के दिन बड़े पैमाने पर नामांकन हुए। इस दिन कुल 235 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। बीजेपी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं ने जोर-शोर से अपने पर्चे भरे।

Read This Also:- Delhi Poll: दिल्ली में शराब नीति को फिर से लागू करने के संकेत पर भाजपा ने आप से मांगी सफाई, केजरीवाल को घेरा