Article
इजरायल और हमास के बीच 15 महीने बाद संघर्ष विराम, सीजफायर पर बनी सहमति
06 Feb 2026
गाजा में 15 महीने से चल रहे इजरायल और हमास के बीच युद्ध अब थमता हुआ नजर आ रहा है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, दोनों पक्षों ने संघर्ष विराम (सीजफायर) पर सहमति बना ली है। हालांकि, अभी इस पर औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। इस समझौते में छह हफ्तों के प्रारंभिक सीजफायर चरण का प्रावधान है, जिसमें गाजा से इजरायली सैनिकों की व्यवस्थित वापसी और हमास द्वारा बंधकों की अदला-बदली शामिल होगी।
समझौता कैसे हुआ?
सीजफायर समझौता अमेरिका के समर्थन से मिस्त्र और कतर के नेतृत्व में हुई महीनों लंबी बातचीत का परिणाम है। इसे अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन प्रशासन की कूटनीतिक सफलता माना जा रहा है। इस समझौते की घोषणा अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण से कुछ दिन पहले की गई है।
युद्ध का कारण और बंधकों का मुद्दा
यह युद्ध तब शुरू हुआ जब 7 अक्टूबर 2023 को हमास के नेतृत्व वाले आतंकवादियों ने दक्षिणी इजरायल पर हमला किया। इस हमले में लगभग 1,200 लोग मारे गए और करीब 250 को बंधक बना लिया गया। इसके बाद इजरायली सुरक्षाबलों ने गाजा में हमास के ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हमले शुरू कर दिए।
बढ़ते दबाव के बीच, सीजफायर के पहले चरण में 33 बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित घायल बंधकों को रिहा किया जाएगा। इसके बदले में सैकड़ों फिलिस्तीनी कैदियों को भी वापस भेजा जाएगा।
सीजफायर के प्रति प्रतिक्रियाएं
इजरायली नागरिकों का विरोध:
येरुशलम में सीजफायर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए, जहां प्रदर्शनकारियों ने "हमास के साथ समझौता नहीं" के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने इसे इजरायली सरकार की कमजोरी बताया और शांति वार्ता का विरोध किया।
बंधकों के परिजनों का समर्थन:
तेल अवीव में बंधकों के परिजनों ने सरकार से सीजफायर पर सहमति देने की अपील की। उनका मानना है कि यह समझौता उनके प्रियजनों को वापस लाने का आखिरी मौका हो सकता है।
गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अक्टूबर 2023 से शुरू हुए इजरायली अभियान में अब तक 46,000 से अधिक लोग मारे गए हैं। हजारों परिवार विस्थापित होकर तंबुओं और अस्थायी पुनर्वास शिविरों में रह रहे हैं। इस मानवीय संकट ने वैश्विक स्तर पर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
Read This Also:- इजरायल-हमास संघर्ष विराम समझौता ठंडे बस्ते में, मौजूदा हालातों को ‘कारण’ बता शांति से पीछे हटे नेतन्याहू
Read This Also:- इजरायल-हमास संघर्ष विराम समझौता ठंडे बस्ते में, मौजूदा हालातों को ‘कारण’ बता शांति से पीछे हटे नेतन्याहू