Article
पंजाब सरकार को सुप्रीम कोर्ट का निर्देश: डल्लेवाल की सेहत पर जल्द दें अपडेट,एम्स से जांच का आदेश
09 Feb 2026
सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब सरकार से किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की स्वास्थ्य रिपोर्ट तलब की है। कोर्ट ने यह निर्देश दिया है कि डल्लेवाल की स्वास्थ्य स्थिति पर एम्स के मेडिकल बोर्ड से राय ली जाए। डल्लेवाल अनिश्चितकालीन अनशन पर हैं और उनका अनशन अब 50 दिनों से ज्यादा समय से जारी है। हाल ही में उनकी स्वास्थ्य स्थिति बिगड़ने की खबरें आई थीं।
सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने हैरानी जताते हुए कहा कि 50 दिनों से अनशन कर रहे व्यक्ति के स्वास्थ्य मानकों में सुधार कैसे हो सकता है? कोर्ट ने पंजाब सरकार के मुख्य सचिव को आदेश दिया है कि वे डल्लेवाल की स्वास्थ्य जांच रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार के पास जमा करें। इसके अलावा, कोर्ट ने रजिस्ट्रार को एम्स के मेडिकल बोर्ड से डल्लेवाल की स्वास्थ्य रिपोर्ट पर राय लेने का निर्देश भी दिया है।
पंजाब सरकार ने बताया कि प्रदर्शनकारी किसानों के साथ अधिकारी बातचीत कर रहे हैं और समाधान की उम्मीद है। पंजाब सरकार की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल कोर्ट में पेश हुए। उन्होंने कहा कि डल्लेवाल को अस्थायी अस्पताल में स्थानांतरित करने के मामले में प्रगति हुई है और अस्थायी अस्पताल को धरना स्थल से 10 मीटर की दूरी पर ही स्थापित किया गया है।
डल्लेवाल ने 26 नवंबर, 2024 से अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। वे संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के संयोजक हैं और पंजाब सरकार द्वारा दी जा रही चिकित्सा सहायता को ठुकरा चुके हैं। पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले किसान पिछले साल 13 फरवरी से पंजाब और हरियाणा के बीच शंभू और खनौरी सीमा बिंदुओं पर डेरा डाले हुए हैं, जब सुरक्षा बलों ने दिल्ली की ओर उनके मार्च को रोका था।
Read This Also:- Bangladesh: सुप्रीम कोर्ट का अहम फैसला- भ्रष्टाचार मामले में पूर्व PM खालिदा जिया बरी
Read This Also:- Bangladesh: सुप्रीम कोर्ट का अहम फैसला- भ्रष्टाचार मामले में पूर्व PM खालिदा जिया बरी