Article

कांग्रेस मुख्यालय अब 9A कोटला रोड पर, सोनिया गांधी ने किया इंदिरा भवन का उद्घाटन

 13 Feb 2026

कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी ने दिल्ली में पार्टी के नए मुख्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी भी उपस्थित थे। कांग्रेस का पुराना मुख्यालय लुटियंस बंगला जोन में 24 अकबर रोड पर स्थित था। नए भवन की आधारशिला सोनिया गांधी ने 28 दिसंबर 2009 को रखी थी। 


इस नए मुख्यालय को आधुनिक और कार्यकुशल बनाने के लिए 252 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इस इमारत में पार्टी की विभिन्न आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए हाईटेक प्रेस कॉन्फ्रेंस रूम, ऑडिटोरियम, मीडिया ऑफिस, किसानों और डेटा विभाग के लिए विशेष कमरे, साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेताओं के लिए अत्याधुनिक कार्यक्षेत्र बनाए गए हैं। इमारत के केंद्र में रिसेप्शन के पीछे कैंटीन की व्यवस्था है। मीडिया प्रभारी का कार्यालय बाईं तरफ होगा, जहां टीवी डिबेट के लिए साउंडप्रूफ चैंबर भी बनाए गए हैं। पत्रकारों और कैमरापर्सन के लिए विशेष सिटिंग रूम भी तैयार किए गए हैं।

नई इमारत की विशेषताएं:


  • ग्राउंड फ्लोर: हाई-टेक प्रेस कॉन्फ्रेंस रूम रिसेप्शन और कैंटीन मीडिया प्रभारी का ऑफिस और साउंडप्रूफ चैंबर
  • पहली मंजिल: विशेष कार्यक्रमों के लिए हाईटेक ऑडिटोरियम किसान विभाग और डेटा डिपार्टमेंट जैसे विभाग
  • दूसरी से चौथी मंजिल: अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के अधिकारियों के कार्यालय
  • पांचवीं मंजिल: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का ऑफिस और सोनिया गांधी और राहुल गांधी के कार्यालय
पार्टी के इस नए मुख्यालय को आधुनिकता, कार्यकुशलता और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। कांग्रेस के नए घर को एक ऐतिहासिक कदम और पार्टी की नई यात्रा का प्रतीक माना जा रहा है।

Read This Also:- कांग्रेस का नया दफ्तर: मनमोहन सिंह को नजरअंदाज करने के आरोपों पर भाजपा और कांग्रेस में घमासान