Article

केजरीवाल को निशाना बना सकते हैं आतंकी, खुफिया एजेंसियों ने दी चेतावनी

 13 Feb 2026

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को लेकर खुफिया एजेंसियों ने एक बड़ा अलर्ट जारी किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, केजरीवाल पर खालिस्तानी संगठन हमला कर सकता है। एजेंसियों का कहना है कि इस साजिश में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ हो सकता है। इसका उद्देश्य दिल्ली और पंजाब जैसे राज्यों में कानून-व्यवस्था को बिगाड़ना और सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करना है।


जेड-प्लस सुरक्षा में हैं अरविंद केजरीवाल


केजरीवाल को वर्तमान में जेड-प्लस सुरक्षा दी गई है। इसके तहत उनकी सुरक्षा में 63 सुरक्षाकर्मी तैनात हैं, जिनमें पायलट, एस्कॉर्ट, क्लोज प्रोटेक्शन टीम, होमगार्ड, स्पॉटर और सर्च-फ्रिस्किंग स्टाफ शामिल हैं। हाल ही में खुफिया एजेंसियों ने अलर्ट जारी करते हुए बताया कि दो से तीन लोगों वाला एक हिट स्क्वॉड दिल्ली की ओर बढ़ रहा है। इसे आखिरी बार पंजाब में देखा गया था।

यह पहली बार नहीं है जब अरविंद केजरीवाल को निशाना बनाने की साजिश का पर्दाफाश हुआ है। 2014 में खुफिया एजेंसियों ने चेतावनी दी थी कि इंडियन मुजाहिद्दीन, अपने चीफ यासीन भटकल की रिहाई के लिए केजरीवाल का अपहरण करने की योजना बना रहा है। इसके अलावा, सिख फॉर जस्टिस समूह ने भी केजरीवाल को अपने निशाने पर रखा था।

जेल में केजरीवाल की सुरक्षा के लिए थे विशेष प्रबंध


केजरीवाल को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद भी उनकी सुरक्षा व्यवस्था में विशेष बदलाव किए गए थे। तिहाड़ जेल में उनके सेल के बाहर और आसपास चार वार्डर्स को रोटेशनल आधार पर तैनात किया गया था। यह सुनिश्चित किया गया था कि वकीलों से मिलने, फोन कॉल करने, या परिवार के सदस्यों से मुलाकात के दौरान उन पर किसी भी तरह का हमला न हो।   

खुफिया एजेंसियों द्वारा बार-बार चेतावनी मिलने के बावजूद, आधिकारिक तौर पर केंद्र सरकार या आम आदमी पार्टी की ओर से इस साजिश को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि, यह स्पष्ट है कि अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक का सीधा असर उनकी राजनीतिक छवि और राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर पड़ सकता है।

Read This Also:- Delhi Poll: ख़ालिस्तानी हमले के ख़तरे के बीच केजरीवाल ने कहा- ‘भगवान उनके साथ हैं, ऊपर वाला ही बचाएगा!’