कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में एक छात्र के साथ बर्बरता की गई। पहले तो उसके साथ जमकर मारपीट की गई, फिर उसे रेलवे लाइन के किनारे ले जाकर नग्न कर दिया गया। दबंगों का मन इससे भी नहीं भरा और उन लोगों ने उस पर पत्थरों की बौछार कर दी। पत्थर लगने से छात्र का सिर फट गया, और वह चीख-चीख कर छोड़ने की गुहार लगाता रहा। लेकिन दबंगों का दिल नहीं पसीजा। उन्होंने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। फिलहाल, पुलिस ने मामला संज्ञान में आने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह घटना कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में घटित हुई, जहां औरैया का रहने वाला विराज त्रिपाठी एक कॉलेज से ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा है। बीते रविवार को विराज अपने एक दोस्त के फ्लैट पर मिलने गया था। लौटते समय इलाके के कुछ दबंग किस्म के छात्रों ने उसे पकड़ लिया और फिर बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया।
विराज को रेलवे लाइन के किनारे ले जाकर नग्न कर पीटा गया। इसके बाद दबंगों ने वहां बैठाकर उसके ऊपर पत्थरों की बौछार शुरू कर दी। इस दौरान विराज का सिर फट गया। वह रोता-चिल्लाता रहा, मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन दबंगों ने उसकी एक नहीं सुनी। कुछ समय बाद जब आसपास के लोग जमा हुए तो वे उसे बचाने पहुंचे, जिसके बाद छात्र विराज को वहां से निकाला जा सका।
पीड़ित विराज ने बताया कि एक दिन पहले कॉलेज में मिलन शुक्ला नामक दबंग छात्र के साथ उसकी बहस हो गई थी। उसी का बदला लेने के लिए मिलन ने करीब 15 लड़कों के साथ उसे पकड़ लिया और बुरी तरह से पीटा। मिलन ने उसे देख लेने की धमकी भी दी थी। कल्याणपुर के एसीपी अभिषेक पांडे ने बताया कि छात्र विराज के साथ हुई मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस छात्र से आवेदन लेकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करेगी और जांच-पड़ताल की जा रही है।
Read This Also:- H-1B वीजा संकट, भारतीय छात्रों और कामगारों पर मंडरा रहा खतरा: ट्रंप की नीतियां सख्त