चुनावी माहौल के बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी (Atishi) पर आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। रिटर्निंग अफसर की शिकायत पर उनके खिलाफ FIR दर्ज करवाई गई है। आतिशी पर आरोप है कि उन्होंने निजी कार्यालय के लिए सरकारी वाहन का उपयोग किया। शिकायत के मुताबिक, चुनाव की घोषणा के बाद 7 जनवरी को दोपहर करीब 2:30 बजे PWD के एक सरकारी वाहन का उपयोग निजी चुनाव कार्यालय में चुनावी कार्यों के लिए किया गया। यह मामला आचार संहिता के नियमों का उल्लंघन माना गया है।
कालकाजी विधानसभा क्षेत्र के निवासी केएस दुग्गल ने गोविंदपुरी थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आतिशी ने चुनावी प्रचार के लिए सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग किया।
आतिशी कालकाजी विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक हैं और उन्हें इस हाई-प्रोफाइल सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) ने फिर से उम्मीदवार बनाया है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस सीट से पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी को मैदान में उतारा है।
केजरीवाल ने बीजेपी और कांग्रेस पर साधा कटाक्ष
सीएम आतिशी पर FIR दर्ज होने के बाद, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा कर अपनी नाराजगी जाहिर की। केजरीवाल ने लिखा, “इनके नेता खुलेआम पैसा बांटते हैं – साड़ी, कंबल, सोने की चेन, आदि। फर्जी वोट बनवाते हैं। फिर भी उनके खिलाफ एक एफआईआर तक दर्ज नहीं होती है। लेकिन मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज हो जाती है। आम आदमी पार्टी पूरे सिस्टम के खिलाफ लड़ रही है। हमें इस सड़े-गले सिस्टम को जनता के साथ मिलकर बदलना है, साफ करना है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों उसी सड़े-गले सिस्टम का हिस्सा हैं।”
अरविंद केजरीवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि ये दोनों दल (बीजेपी और कांग्रेस) भ्रष्टाचार और स्वार्थ से जुड़े उसी सिस्टम का हिस्सा हैं, जिसे अब जनता के सहयोग से बदलने की जरूरत है।
5 फरवरी को वोटिंग, 8 फरवरी को नतीजे
दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 5 फरवरी को एक ही चरण में होगा, जबकि नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) ने 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में क्रमशः 67 और 62 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की थी। इस बार पार्टी राजधानी में हैट्रिक लगाने की तैयारी में है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इस बार दिल्ली चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 1.55 करोड़ से अधिक है। इनमें 83,49,645 पुरुष, 71,73,952 महिलाएं और 1,261 थर्ड जेंडर वोटर्स शामिल हैं।
Read This Also:- संजय राउत की कांग्रेस को सलाह – NDA की दरियादिली से आपको भी सबक लेना चाहिए