Article

मेरी जान को खतरा है, पूर्व मंत्री संजीव बालियान ने CM योगी को लिखा पत्र

 02 Mar 2026

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने अपनी सुरक्षा हटाए जाने पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखते हुए कहा कि उनकी 'वाई श्रेणी' की सुरक्षा को अचानक हटा दिया गया है। बालियान का दावा है कि उनकी जान को खतरा है और अगर भविष्य में कोई घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार पर होगी।


बालियान का आरोप: सुरक्षा अचानक हटाई गई


डॉ. बालियान ने बताया कि रविवार को वह दिल्ली में पार्टी के एक कार्यक्रम में शामिल थे। उसी दौरान शाम करीब 4:30 बजे उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को मुजफ्फरनगर पुलिस से फोन आया, जिसमें उन्हें तत्काल वापस लौटने के लिए कहा गया। इसके बाद सभी सुरक्षाकर्मी उन्हें छोड़कर चले गए। उन्होंने कहा, "अब मेरे पास यूपी पुलिस का कोई सुरक्षाकर्मी नहीं है। मेरी 'वाई श्रेणी' की सुरक्षा वापस ले ली गई है, और अब केवल दिल्ली पुलिस का एक PSO बचा है।"

उन्होंने पत्र में यह भी लिखा, "हाल ही में लोकसभा चुनाव के दौरान मुझ पर हमला हुआ था। ऐसे में अगर भविष्य में कोई घटना होती है, तो इसके लिए पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। अगर एक पूर्व केंद्रीय मंत्री के साथ ऐसा व्यवहार किया जा सकता है, तो बीजेपी के आम कार्यकर्ताओं की स्थिति क्या होगी?" इस मामले में मुजफ्फरनगर के एसएसपी अभिषेक सिंह ने कहा कि डॉ. बालियान को नियमों के अनुसार सुरक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया, "उन्हें वही सुरक्षा मिल रही है, जिसके वे हकदार हैं।"

बालियान की राजनीतिक स्थिति


डॉ. संजीव बालियान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख जाट नेताओं में से एक माने जाते हैं। वह दो बार मुजफ्फरनगर से सांसद रह चुके हैं, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।डॉ. बालियान ने अपने पत्र में यह भी आरोप लगाया कि मुजफ्फरनगर के खानूपुर गांव में एक डिस्टिलरी यूनिट ने धर्मशाला की जमीन खरीदी है, जिसे लेकर ग्रामीणों में विरोध है। उन्होंने कहा कि वह इस सौदे के खिलाफ धरने पर बैठे ग्रामीणों का समर्थन कर रहे थे। इसके चलते स्थानीय पुलिस के अधिकारी उनसे नाराज हो गए और उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई।

Read This Also:- "उत्तराखंड में UCC के तहत लिव-इन जोड़ों के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य, 26 जनवरी से लागू होंगे सकते हैं नए नियम"