Article

'सोनमर्ग टनल से कश्मीर को नए अवसर मिलेंगे': PM मोदी का उद्घाटन के बाद संदेश

 11 Mar 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को जम्मू-कश्मीर के गांदरबल पहुंचे, जहां उन्होंने Z-Morh टनल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने जम्मू-कश्मीर की जनता को संबोधित करते हुए कहा, "यहां का मौसम, बर्फ की सफेद चादर से ढकी पहाड़ियां, ये सब देखकर दिल प्रसन्न हो जाता है। दो दिन पहले हमारे मुख्यमंत्री जी ने यहां की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं, जिन्हें देखकर यहां आने की मेरी बेसब्री और बढ़ गई थी।"


प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, "आज मैं आपके बीच एक बड़ी सौगात लेकर आया हूं। कुछ दिन पहले जम्मू में आपको रेल डिवीजन का शिलान्यास करने का अवसर मिला था, जो आपकी बहुत पुरानी मांग थी। आज मुझे सोनमर्ग टनल को देश और आपके लिए समर्पित करने का अवसर मिला है। यह जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की एक और पुरानी डिमांड थी, जिसे अब पूरा किया गया है।" उन्होंने इस टनल के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि "सोनमर्ग टनल से सर्दियों में भी सोनमर्ग की कनेक्टिविटी बनी रहेगी। इसके अलावा इस इलाके में पर्यटन को भी नए पंख मिलेंगे। आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर में रेल और सड़क कनेक्टिविटी के कई बड़े प्रोजेक्ट पूरे होने वाले हैं। कश्मीर वादी अब रेल मार्ग से भी जुड़ने वाली है, और इसके लिए यहां लोगों के बीच खुशी का माहौल है।"

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र निर्माण के संदर्भ में कहा, "आज भारत तरक्की की नई बुलंदी की तरफ बढ़ चला है। हर भारतीय 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने में जुटा है। यह तभी संभव होगा, जब हमारे देश का हर हिस्सा, हर परिवार विकास की मुख्यधारा में शामिल होगा।" उन्होंने जम्मू-कश्मीर में पिछले 10 वर्षों में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा, "इस दौरान यहां कई शैक्षणिक संस्थान बने हैं, जिसका बड़ा लाभ यहां के नौजवानों को मिल रहा है।" पीएम मोदी ने यह भी बताया कि 2015 में केंद्र सरकार बनने के बाद ही सोनमर्ग टनल के निर्माण का काम शुरू हुआ था, और अब यह परियोजना पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा, "अगर मोदी वादा करता है, तो वह उसे निभाता है। हर काम का एक समय होता है, और सही समय पर सही काम होते हैं।"

प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू-कश्मीर की जनता की सराहना करते हुए कहा, "यहां की अवाम को जम्मू-कश्मीर के बदलते हालात का बहुत बड़ा श्रेय जाता है। अब लोग रात के समय भी लाल चौक पर आइसक्रीम खाने के लिए आते हैं। रात के वक्त वहां रौनक होती है। अब जम्मू-कश्मीर टनल्स, ऊंचे पुलों, और रोप-वे का हब बनता जा रहा है। यहां दुनिया की सबसे ऊंची टनल, रेल-रोड ब्रिज और रेल लाइन बन रही हैं।"  

उन्होंने जम्मू-कश्मीर को भारत का "ताज" बताते हुए कहा, "कश्मीर भारत का ताज है, और मैं चाहता हूं कि यह ताज और भी सुंदर बने। मुझे खुशी होती है कि इस कार्य में यहां के नवजवानों, बुजुर्गों और बेटों-बेटियों का साथ मिल रहा है। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि मोदी आपके साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगा, और आपके सपनों की राह में आने वाली हर बाधा को दूर करेगा।"

Read This Also:- "RTI का मकसद जिज्ञासा नहीं, जानकारी देना है" : PM मोदी डिग्री विवाद पर DU ने दिल्ली हाई कोर्ट में कहा