प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को जम्मू-कश्मीर के गांदरबल पहुंचे, जहां उन्होंने Z-Morh टनल का उद्घाटन किया। इस महत्वपूर्ण मौके पर उनके साथ जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद थे। टनल के उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर में शांतिपूर्ण चुनावों के आयोजन के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने चार महीने में अपना वादा पूरा किया और घाटी में बिना किसी गड़बड़ी के चुनाव संपन्न कराए।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पीएम मोदी के पिछले दिनों श्रीनगर में दिए गए संबोधन का जिक्र करते हुए कहा, "आपने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर श्रीनगर में तीन महत्वपूर्ण बातें कही थीं। आपने कहा था कि आप दिल की दूरी और दिल्ली की दूरी को खत्म करने पर काम कर रहे हैं, और आज यह सच में आपके कार्यों से साबित हो रहा है। आपने जम्मू-कश्मीर के लोगों से कहा था कि बहुत जल्द चुनाव होंगे और उन्हें अपनी सरकार चुनने का मौका मिलेगा, और आपने अपनी बात रखी।"
उन्होंने यह भी कहा कि चार महीने के भीतर चुनाव हुए और एक नई सरकार चुनी गई, जिसका परिणाम यह है कि वह मुख्यमंत्री के रूप में आज प्रधानमंत्री मोदी से बात कर रहे हैं। उमर अब्दुल्ला ने यह भी बताया कि चुनाव में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कहीं भी किसी प्रकार की धांधली या सत्ता के दुरुपयोग की कोई शिकायत नहीं मिली। इसके साथ ही मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री मोदी के जम्मू-कश्मीर के लिए किए गए दूसरे वादों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री जी, आपने जम्मू-कश्मीर के लिए राज्य का दर्जा बहाल करने का भी वादा किया था। लोग मुझसे इस बारे में अक्सर सवाल करते हैं और मैं उन्हें याद दिलाता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी ने चुनाव कराने का वादा निभाया। मुझे पूरा विश्वास है कि जल्द ही उनका यह वादा भी पूरा होगा और जम्मू-कश्मीर फिर से इस देश का एक पूर्ण राज्य बनेगा।"
उमर अब्दुल्ला ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से सीमा पर सीज फायर के दौरान दूरदराज के इलाकों को काफी फायदा हुआ है। उन्होंने माछिल, गुरेज, करनाह और केरन जैसे इलाकों का उदाहरण देते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में पर्यटकों की संख्या बढ़ने से विकास और पर्यटन में भी सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री ने अंत में Z-Morh टनल के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, "सोनमर्ग में Z-Morh टनल के उद्घाटन से ऊपरी इलाकों के लोगों को अब मैदानी इलाकों की यात्रा करने की आवश्यकता नहीं होगी, क्योंकि अब सड़क संपर्क साल भर उपलब्ध रहेगा, जो इन इलाकों के विकास के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।"
Read This Also:- 'सोनमर्ग टनल से कश्मीर को नए अवसर मिलेंगे': PM मोदी का उद्घाटन के बाद संदेश