Article

जम्मू-कश्मीर को मिली नई कनेक्टिविटी: प्रधानमंत्री मोदी ने Z-Morh टनल का किया उद्घाटन

 11 Mar 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में Z-Morh टनल का उद्घाटन किया। इस मौके पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी उपस्थित थे। प्रधानमंत्री मोदी के कश्मीर दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, घाटी के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और प्रमुख चौराहों पर चेकप्वाइंट्स लगाए गए हैं। वाहनों की गहन जांच की जा रही है और नियमित गश्त भी जारी है।


Z-Morh टनल: सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम


टनल का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने खुद इसका निरीक्षण किया। Z-Morh टनल को लेकर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। टनल क्षेत्र में प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा टीम ने जिम्मेदारी संभाल ली है, जिसमें एसपीजी के अधिकारी भी शामिल हैं। संवेदनशील स्थानों पर शार्पशूटर्स की तैनाती की गई है, जबकि ड्रोन से हवाई और तकनीकी निगरानी की जा रही है।

Z-Morh टनल क्यों है महत्वपूर्ण?


यह टनल, जो सोनमर्ग और गगनगीर को जोड़ती है, 8,650 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। इस टनल में आपातकालीन स्थिति के लिए 7.5 मीटर चौड़ा समानांतर मार्ग भी बनाया गया है। यह टनल लद्दाख को पूरे साल सड़क मार्ग से जोड़ने में मदद करेगी और साथ ही देश की रक्षा जरूरतों तथा क्षेत्रीय विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

टनल के फायदे

  • सुविधाजनक यातायात: सोनमर्ग टनल, गगनगीर से सोनमर्ग तक निर्बाध यातायात सुनिश्चित करेगी, जिससे क्षेत्र में यात्रा आसान होगी। 
  • यात्रा की दूरी में कमी: राष्ट्रीय राजमार्ग-1 पर यात्रा की दूरी 49 किलोमीटर से घटकर अब 43 किलोमीटर हो जाएगी। 
  • गति में वृद्धि: वाहनों की गति 30 किमी/घंटा से बढ़कर 70 किमी/घंटा हो जाएगी, जिससे यात्रा का समय कम होगा। 
  • आर्थिक और पर्यटन में वृद्धि: यह टनल क्षेत्र के पर्यटन और व्यापार को गति देने में सहायक होगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को लाभ मिलेगा।

इंजीनियरिंग का चमत्कार: Z-Morh टनल


नेशनल हाईवे एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHIDCL) ने Z-Morh टनल को इंजीनियरिंग का चमत्कार और क्षेत्र के लिए "गेम चेंजर" बताया है। यह परियोजना न केवल यात्रा के अनुभव को बेहतर बनाएगी, बल्कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के बीच सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति देगी। Z-Morh टनल के साथ-साथ ज़ोजिला टनल का काम भी चल रहा है, जो 2028 तक पूरा होने की उम्मीद है। यह दोनों टनल्स क्षेत्रीय रक्षा रसद और यातायात को सुगम बनाएंगी, जिससे लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के बीच जुड़ाव और विकास को एक नई दिशा मिलेगी।

Read This Also:- जम्मू-कश्मीर में प्रशासनिक शक्ति का पुनर्गठन: सीएम और एलजी के अधिकार जल्द होंगे तय