Article

Delhi Polls: 'पूर्वांचल के लोगों का अपमान बर्दाश्त नहीं', JDU ने अरविंद केजरीवाल को दिया कड़ा जवाब

 31 Mar 2026

बिहार की सत्ताधारी जनता दल (यूनाइटेड) ने अरविंद केजरीवाल के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया जताई है, जिसमें उन्होंने पूर्वांचल के लोगों का बार-बार अपमान करने का आरोप लगाया है। जेडीयू का कहना है कि केजरीवाल की इस तरह की बयानबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और इसके लिए उन्हें तत्काल माफी मांगनी चाहिए। पार्टी ने चेतावनी दी है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल के लोग इस अपमान का जवाब देंगे।


केजरीवाल ने नए नाम जोड़ने के लगाए आरोप


अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि भाजपा से जुड़े लोग मतदाता सूची में 13,000 नए नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर रहे हैं, ताकि यूपी और बिहार के मतदाताओं का प्रभाव बढ़ाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने अपने पक्ष में 5,500 मतदाता प्रविष्टियों को रद्द करने की मांग की है। इसके बाद भाजपा के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया, जिसमें केजरीवाल यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि "पिछले 15 दिनों में 13,000 वोट बनाने के आवेदन आए हैं। जाहिर है, यह यूपी, बिहार और आसपास के राज्यों से ला-लाकर फर्जी वोट बनवा रहे हैं।"

JDU की तीखी प्रतिक्रिया


JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने केजरीवाल पर पलटवार करते हुए उन्हें याद दिलाया कि दिल्ली किसी की निजी जागीर नहीं, बल्कि देश की राजधानी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में रहने वाले बिहार और यूपी के लोगों ने अपनी मेहनत से ना केवल भारत, बल्कि दुनियाभर में अपनी पहचान बनाई है। झा ने केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली में जो आलीशान घर बनवाया है, उसमें बिहार और यूपी के लोगों के टैक्स के पैसे भी लगे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार और यूपी के लोगों का बार-बार अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पूर्वांचल के लोगों को अपमानित करने की JDU की निंदा


JDU के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने भी केजरीवाल से सवाल किया कि वह बिहार के लोगों को बार-बार अपमानित क्यों करते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भी केजरीवाल ने बिहार के लोगों पर आरोप लगाया था कि वे 500 रुपये में ट्रेन का टिकट लेकर दिल्ली में 5 लाख तक की चिकित्सा सुविधा लेते हैं। प्रसाद ने कहा कि अब बिहार की जनता ने तय कर लिया है कि जो भी दिल्ली में बिहार के लोग रहते हैं, वे पुरजोर तरीके से केजरीवाल का विरोध करेंगे और आम आदमी पार्टी की नैया डुबोने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।

Read This Also:- Delhi Polls: शीशमहल में 85 इंच के 10 टीवी पर केजरीवाल फंसे, BJP नेता प्रवेश वर्मा ने किया खुलासा