अयोध्या के थाना कोतवाली गोसाईंगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह एक किशोरी का अर्धनग्न शव नहर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। आशंका है कि उसके साथ गैंगरेप के बाद हत्या की गई है। शव के कपड़े, चप्पल और शाल शव से करीब सौ फीट की दूरी पर बिखरे पड़े थे। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। तहरीर में एक युवक पर शक जताया गया है, जो पास के गांव का रहने वाला है। पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।
मामला गोसाईंगंज और महराजगंज की सीमा पर स्थित एक गांव का है। जानकारी के अनुसार, मृतका मंगलवार रात अपनी छोटी बहन के साथ घर में सोई थी। सुबह जब एक युवक नहर के पास शौच के लिए गया, तो उसने शव देखा। शव ऊँधे मुंह पड़ा हुआ था, इसलिए वह पहले पहचान नहीं पाया। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पहचान की।
इस घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी राजकरन नैय्यर, एसपीआरए वलवंत चौधरी और सीओ योगेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी नमूने लिए हैं। परिजनों ने बताया कि मृतका पास के एक स्कूल में कक्षा 10 की छात्रा थी। रात 12 बजे के आस-पास उसकी मां के मोबाइल पर दो बार किसी का फोन आया था, लेकिन जब मां ने फोन उठाया, तो उस व्यक्ति ने कॉल काट दिया।
अनुमान लगाया जा रहा है कि संभवतः वह अर्धरात में किसी के फोन पर घर से निकली थी।
पुलिस के अनुसार, शव की हालत को देखकर यह कहा जा सकता है कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ हो सकता है। पिता ने पास के गांव के युवक मोनू शर्मा का नाम लिया है। पुलिस अब उस युवक और एक अन्य संदिग्ध से पूछताछ कर रही है और रात में आए फोन कॉल्स की जांच भी कर रही है। पुलिस की अलग-अलग टीम मामले की खोजबीन कर रही है।
Read This Also:- रामलला का अभिषेक, 110 वीआईपी मेहमान और भव्य आयोजन… अयोध्या में राम मंदिर की पहली वर्षगांठ मनाई गई