बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी की भागीदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट की। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी ने कहा, "अभी तक हमारी पार्टी ने यह तय नहीं किया है कि दिल्ली में चुनाव लड़ा जाएगा या नहीं।"
तेजस्वी यादव से इंडिया ब्लॉक के टूटने को लेकर भी सवाल किया गया, जिसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा, "पहले से ही तय था कि इंडिया ब्लॉक का गठन लोकसभा चुनाव के लिए किया गया है। जहां तक बिहार की बात है, हम लोग पहले से ही साथ हैं।"
बिहार चुनाव पर तेजस्वी का फोकस: "इस बार सरकार बनाने का लक्ष्य"
बिहार विधानसभा चुनाव से जुड़े सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा, "इस बार हमारा स्पष्ट लक्ष्य सरकार बनाना है। पिछली बार हम कुछ सीटों के अंतर से सरकार नहीं बना सके। हालांकि, बिहार में जनता परिवर्तन चाहती है और एक नया ब्रांड तैयार करने के लिए पूरी तरह तैयार है।"
तेजस्वी ने आगे कहा कि बिहार लंबे समय से बदलाव के लिए तरस रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में जनता "नए बीज" को स्वीकार करेगी और विकास की नई कहानी लिखी जाएगी।
अखिलेश यादव का दिल्ली चुनाव पर बयान: "AAP को फिर मौका मिलना चाहिए"
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी का समर्थन करते हुए कहा, "हमने दिल्ली के लोगों के साथ भेदभाव होते देखा है। अरविंद केजरीवाल जी ने जिस तरह चुनौतियों का सामना किया, उसके लिए मैं उन्हें बधाई देता हूं। मुझे विश्वास है कि दिल्ली की माताएं और बहनें फिर से केजरीवाल को सत्ता में लाने का मौका देंगी।"
अखिलेश यादव ने AAP सरकार की शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा, "अगर दिल्ली सरकार को सुरक्षा की जिम्मेदारी भी मिल जाए, तो दिल्ली और अधिक सुरक्षित हो जाएगी। समाजवादी पार्टी हर संभव मदद के लिए आम आदमी पार्टी के साथ खड़ी है।"'
टीएमसी का समर्थन: "दिल्ली में फिर से आए आप की सरकार"
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने भी दिल्ली में आम आदमी पार्टी की जीत की उम्मीद जताई। टीएमसी नेता कुणाल घोष ने एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार फिर से बने और बीजेपी को हराया जाए।"
टीएमसी ने कांग्रेस के दिल्ली चुनाव में प्रभाव को लेकर अपनी राय जाहिर की। उन्होंने संकेत दिया कि कांग्रेस शायद बीजेपी के लिए कोई बड़ी चुनौती पेश नहीं कर पाएगी। कुणाल घोष ने कहा, "दिल्ली के लोग बीजेपी को हराएंगे और आम आदमी पार्टी को चुनेंगे।"
Read This Also:- कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, GDP वृद्धि अनुमान में कटौती को लेकर उठाए सवाल