बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने राज्य में पेपर लीक, भ्रष्टाचार, और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा को लेकर कड़ी आलोचना की है। तेजस्वी यादव ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर एक कार्टून शेयर किया, जिसमें बिहार में पुलों की स्थिति को दर्शाते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा गया। इस कार्टून पर लिखा था, "नीतीश जी की 2 अरब 25 करोड़ 78 लाख रुपये की दुर्गति यात्रा।"
इस कार्टून के माध्यम से उन्होंने बिहार सरकार की योजनाओं की विफलता को उजागर किया और नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा को तंज करते हुए कहा, "मुख्यमंत्री की यात्रा की कोई प्रगति नहीं है, बल्कि यह राज्य की दुर्गति की यात्रा बनकर रह गई है।"
तेजस्वी यादव ने कहा, "थके हुए मुख्यमंत्री और रिटायर्ड अधिकारियों ने मिलकर बिहार के युवाओं की उम्मीदों को निराशा में बदल दिया है। विज्ञापनों पर सैंकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन राज्य की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिहार सरकार ने लोगों की जिंदगी को 'बर्बाद' कर दिया है और राज्य की प्रगति को 'दुर्गति की अग्नि' में झोंक दिया है।
नेता प्रतिपक्ष ने इसके बाद राज्य में पुलों की हालत को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया, यह कहते हुए कि बिहार में एक ही बारिश में सैंकड़ों पुल-पुलिया ढह जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार में हर प्रकार की परीक्षाएं पेपर लीक और धांधली का शिकार हो चुकी हैं। इसके अलावा महंगाई ने हर परिवार को परेशान कर दिया है और छोटे-बड़े व्यवसाय आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार के शासन में बिहार में बेरोजगारी, गरीबी, भ्रष्टाचार और पलायन की दर सबसे अधिक है, और राज्य इन मुद्दों में सबसे ऊपर है। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री की नीतियों ने बिहार को पीछे कर दिया है और राज्य की समस्याओं का समाधान ढूंढ़ने के बजाय यह स्थिति और जटिल होती जा रही है।
Read This Also:- बिहार में ‘DK टैक्स’ के जरिए प्रशासनिक वसूली का खेल, तेजस्वी यादव ने खोला राज