Article

'हम शीशमहल दिखाएंगे, भाजपा दिखाए राजमहल': संजय सिंह की चुनौती; CM आवास के बाहर बढ़ी सुरक्षा

 13 Apr 2026

अंतिम मतदाता सूची जारी होने के एक दिन बाद मंगलवार को चुनाव आयोग ने दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। अब सत्ता संग्राम की सियासी जंग शुरू हो गई है। दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव आयोग ने कल चुनाव की तारीखों की घोषणा की थी। दिल्ली में 5 फरवरी को एक ही चरण में मतदान होगा, और परिणाम 8 फरवरी को घोषित होंगे। इस बीच दिल्ली में 'शीशमहल' मामले को लेकर सियासी तापमान बढ़ गया है। जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) को घेरने में जुटी है, वहीं आप नेता संजय सिंह ने भाजपा के नेताओं को खुली चुनौती दी है।


आप सांसद संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आलीशान आवास का तुलनात्मक उदाहरण देते हुए भाजपा को दिखाने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि बुधवार सुबह वह मीडिया के साथ पहले मुख्यमंत्री आवास शीशमहल जाएंगे, और फिर प्रधानमंत्री के सरकारी आवास का दौरा करेंगे। संजय सिंह ने भाजपा से मांग की है कि वे प्रधानमंत्री का राजमहल भी जनता को दिखाएं। इस मामले को लेकर दिल्ली मुख्यमंत्री आवास के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात हैं, और जगह-जगह बैरिकैडिंग की गई है। 

संजय सिंह का आरोप है कि पीएम मोदी के 2,700 करोड़ रुपये के आलीशान राजमहल में 300 करोड़ रुपये की कालीन बिछी है, 200 करोड़ रुपये का झूमर लगा है, और वह 10-10 लाख के पेन, 6,700 जोड़ी जूते और 5,000 सूट का इस्तेमाल करते हैं। वह चाहते हैं कि दिल्ली और देश के लोग इन तथ्यों को जान सकें।

सीएम को दोबारा आवास से निकाला गया


आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल का आरोप है कि तीन महीने में दूसरी बार भाजपा ने आतिशी को मुख्यमंत्री आवास से बाहर निकाल दिया है। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा दिल्ली का चुनाव बुरी तरह से हार रही है, और इसी कारण वे बौखलाहट में ऐसी गंदी राजनीति कर रहे हैं। वहीं, आतिशी ने कहा कि पहली बार उन्हें घर से निकाला गया था, लेकिन उन्होंने दिल्ली की सड़कें ठीक करवाईं, फ्लाईओवर बनवाए, नए स्कूलों का निर्माण कराया, और मोहल्ला क्लीनिकों में टेस्ट व दवाएं शुरू करवाईं। इस बार, उन्होंने कहा कि महिलाओं को 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता, बुजुर्गों को मुफ्त इलाज और पुजारियों-ग्रंथियों को 18,000 रुपये की सम्मान राशि दिलवाने का संकल्प लिया है।

भाजपा का ध्यान केवल आरोप-प्रत्यारोप पर


आप नेता सौरभ भारद्वाज का कहना है कि भाजपा वालों को दिल्लीवालों के लिए कोई कार्य नहीं करना है। उनका एकमात्र एजेंडा यही रहता है कि कैसे आप नेताओं के खिलाफ कुछ किया जाए। आज फिर से एक महिला मुख्यमंत्री को उनके आधिकारिक आवास से बाहर निकाल दिया गया है, जो देश में शायद पहली बार हुआ है।

Read This Also:- हिमंता सरमा ने 'शीशमहल' देखने की इच्छा जताई, म्यूजियम बनाने की सलाह दी