Article

इंडिया गेट का नाम बदलने की मांग: BJP नेता ने पीएम मोदी को लिखा पत्र

 16 Apr 2026

बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर दिल्ली के इंडिया गेट का नाम बदलने की मांग की है। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि इंडिया गेट का नाम बदलकर ‘भारत माता द्वार’ किया जाए। उनके अनुसार, यह बदलाव उस स्मारक पर अंकित हजारों शहीद देशभक्तों के नामों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।


जमाल सिद्दीकी ने पीएम मोदी से क्या कहा?


जमाल सिद्दीकी ने अपने पत्र में लिखा, "आपके नेतृत्व में भारत के 140 करोड़ भाई-बहनों के दिलों में राष्ट्र प्रेम और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण की भावना बढ़ी है। आपने अपने कार्यकाल में मुगल आक्रांताओं और अंग्रेजों की गुलामी के प्रतीकों को मिटाकर भारत की संस्कृति को फिर से सम्मान दिलाया है, जिससे पूरे देश में खुशी का माहौल है।"


‘औरंगजेब रोड’ से ‘कर्तव्य पथ’ तक का सफर


सिद्दीकी ने पीएम मोदी की पिछली पहलों का जिक्र करते हुए लिखा: औरंगजेब रोड का नाम बदलकर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम रोड किया गया। इंडिया गेट पर लगी किंग जॉर्ज पंचम की मूर्ति हटाकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा लगाई गई। राजपथ का नाम बदलकर कर्तव्य पथ कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में इंडिया गेट का नाम बदलकर ‘भारत माता द्वार’ करने से यह स्थल भारतीय संस्कृति और देशभक्ति का एक प्रतीक बन जाएगा।

नाम बदलने की वजह


सिद्दीकी का मानना है कि इस कदम से इंडिया गेट पर अंकित हजारों शहीदों के बलिदान को सही मायने में सम्मान मिलेगा। उन्होंने लिखा: "इंडिया गेट का नाम बदलने से यह स्मारक सिर्फ एक ऐतिहासिक धरोहर नहीं, बल्कि भारत माता की जयकार और शहीदों की गाथा का प्रतीक बन जाएगा।"  हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ पर परेड आयोजित की जाती है। इसमें तीनों सेनाओं के कमांडर शामिल होते हैं और देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झांकियां प्रदर्शित की जाती हैं। इंडिया गेट, जो परेड का केंद्रीय हिस्सा होता है, भारतीय स्वतंत्रता और बलिदान की गाथा को दर्शाता है।   इंडिया गेट, जिसे 1931 में बनाया गया था, प्रथम विश्व युद्ध और अफगान युद्ध में शहीद हुए 84,000 भारतीय सैनिकों की याद में निर्मित हुआ। यह देश के सबसे प्रमुख राष्ट्रीय स्मारकों में से एक है।

Read This Also:- Delhi Election: चुनाव अधिकारी ने AAP के बड़े नेताओं पर लगाया धमकाने का आरोप, BJP अधिकारी के सपोर्ट में उत्तरी