Article

कर्नाटक के बाद गुजरात में भी HMPV का मामला, अहमदाबाद में 2 महीने का बच्चा संक्रमित

 29 Apr 2026

बेंगलुरु के बाद अब गुजरात के अहमदाबाद में भी ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) का एक मामला सामने आया है। अहमदाबाद के चांदखेडा इलाके में एक 2 महीने के बच्चे में इस वायरस का संक्रमण पाया गया है। नवजात को यहां के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। यह परिवार राजस्थान के डुंगरपुर से इलाज के लिए अहमदाबाद आया था। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे की स्थिति फिलहाल स्थिर है।

बेंगलुरु में भी HMPV के मामले


बेंगलुरु के बैपटिस्ट अस्पताल में एक 8 महीने के लड़के और एक 3 महीने की लड़की में भी HMPV संक्रमण पाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इन दोनों मरीजों और उनके परिजनों की कोई इंटरनेशनल ट्रैवल हिस्ट्री नहीं थी। दोनों बच्चों में सांस लेने में समस्या पैदा हो गई थी, और बेंगलुरु में पाए गए मामलों में ब्रोन्कोपमोनिया की मेडिकल हिस्ट्री भी थी, जो निमोनिया का एक रूप है।

चीन में वायरल संक्रमण की बढ़ती रिपोर्ट के बीच HMPV के मामले


चीन में वायरल संक्रमण के मामलों में वृद्धि की रिपोर्ट के बीच ये नए मामले सामने आए हैं। HMPV वायरस श्वसन तंत्र को प्रभावित करता है और पहली बार 2001 में पहचान में आया था। यह विशेष रूप से बुजुर्गों और बच्चों को प्रभावित करता है। बेंगलुरु में 3 महीने की बच्ची को पहले ही अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, जबकि 8 महीने का बच्चा रविवार को वायरस से संक्रमित पाया गया था और अब उसकी स्थिति बेहतर हो रही है।

दिल्ली में अस्पतालों को अलर्ट किया गया


दिल्ली के स्वास्थ्य अधिकारियों ने अस्पतालों को अलर्ट किया है और उन्हें इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारियों (Influenza Like Illness) और गंभीर श्वसन संक्रमण (Severe Acute Respiratory Illness) के मामलों की तुरंत रिपोर्ट करने का निर्देश दिया है। अस्पतालों को मरीजों के लिए आइसोलेशन सुनिश्चित करने, निगरानी बनाए रखने और उपचार के लिए आवश्यक दवाइयां जैसे पेरासिटामोल, एंटीहिस्टामाइन, ब्रोन्कोडायलेटर्स और कफ सिरप की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

HMPV संक्रमण के लक्षण


एचएमपीवी से संक्रमित व्यक्ति में बुखार, खांसी, सांस लेने में तकलीफ, तेज़ सांस लेना, पसीना आना, ठंड लगना, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, थकान और भूख न लगने जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। यह वायरस विशेष रूप से 11 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में अधिक पाया जाता है। ब्रोन्कोपमोनिया, जो फेफड़ों में सूजन और संक्रमण का कारण बनता है, एचएमपीवी के मुख्य परिणामों में से एक है।

Read This Also:- तमिलनाडु CM स्टालिन की घोषणा: सिंधु घाटी लिपि के रहस्य को सुलझाने पर 10 लाख डॉलर का इनाम!