Article
Delhi Poll: आतिशी का आरोप, दिल्ली में वोटर लिस्ट में घोटाला, चुनाव आयोग से तत्काल जांच की मांग
29 Apr 2026
दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि वह पार्टी के समर्थकों के नाम वोटर लिस्ट से जानबूझकर हटा रही है। अब, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा है कि नई दिल्ली विधानसभा में अरविंद केजरीवाल की सीट पर 'वोट घोटाला' किया जा रहा है। उनका कहना है कि भाजपा ने जानबूझकर वोटरों के नाम कटवाने और नए वोट जोड़ने के लिए साजिश रची है।
आतिशी ने यह भी कहा कि दिल्ली में 10 फीसदी वोट जोड़ने और साढ़े 5 फीसदी वोट काटने के लिए आवेदन किए गए हैं, जो चुनाव में हेरफेर करने की कोशिश का हिस्सा हैं।
आतिशी ने बताया कि दिल्ली में वोटर लिस्ट की समरी रिवीजन 29 नवंबर तक पूरी हो चुकी थी, लेकिन इसके बाद अचानक नई दिल्ली विधानसभा में वोटों को हटाने और जोड़ने के लिए हजारों आवेदन आने लगे। 15 दिसंबर से 2 जनवरी के बीच 10,500 नए वोट जोड़ने के आवेदन आए, जबकि इसके ठीक विपरीत, 29 अक्टूबर से 2 जनवरी के बीच 6167 वोटों को हटाने के आवेदन भी प्राप्त हुए। आतिशी ने सवाल उठाया कि अचानक इतनी बड़ी संख्या में आवेदन कैसे आए, यह सब कुछ वोट जोड़ने और हटाने की साजिश का हिस्सा हो सकता है।
उन्होंने इसे पूरी तरह से चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप और निष्पक्षता पर हमला बताया।
उन्होंने यह भी बताया कि वोटर लिस्ट से नाम काटने के आवेदन में से 4283 आवेदन केवल 84 लोगों ने डाले हैं। यह लोग कौन हैं जो इतने बड़े पैमाने पर वोट कटवाने की कोशिश कर रहे थे? जब इन लोगों को चुनाव आयोग ने नोटिस भेजकर पूछताछ की, तो इन लोगों ने कहा कि उन्होंने कोई आवेदन नहीं दिया था। जैसे कि खान मार्केट के तरुण कुमार चौटाला के नाम से 106 आवेदन आए थे, लेकिन उन्होंने इन आवेदन से इंकार किया। इसी तरह से गोल मार्केट की ऊषा देवी के नाम से 52 आवेदन आए थे, लेकिन उन्होंने भी किसी आवेदन पर साइन नहीं किए थे।
आतिशी ने चुनाव आयोग से सवाल करते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में झूठे आवेदन किसने दिए और चुनाव आयोग ने इनकी जांच क्यों नहीं की? उन्होंने चुनाव आयोग के अधिकारियों की निष्क्रियता पर चिंता जताते हुए कहा कि अगर इस गंभीर मामले पर तुरंत कार्रवाई नहीं की जाती है, तो यह चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता को गहरा आघात पहुंचाएगा।
आतिशी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर इस मामले पर तत्काल जांच की मांग की है और कहा है कि जितने बड़े पैमाने पर वोटर लिस्ट में बदलाव किए गए हैं, उस पर चुनाव आयोग को तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए ताकि लोकतंत्र की मूलभूत प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की धांधली न हो।
Read This Also:- Delhi Poll: प्रेस कॉन्फ्रेंस में रो पड़ी CM आतिशी, कहा- ‘रमेश बिधूड़ी ने मेरे पिता को गाली दी, वो ठीक से चल तक नहीं सकते!’
Read This Also:- Delhi Poll: प्रेस कॉन्फ्रेंस में रो पड़ी CM आतिशी, कहा- ‘रमेश बिधूड़ी ने मेरे पिता को गाली दी, वो ठीक से चल तक नहीं सकते!’